अधिकारी का दायित्व सिर्फ आदेश देना ही नहीं अपितु रिव्यू करना भी है: इन्द्र विक्रम सिंह

– जिलाधिकारी ने ली जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
-सड़क दुर्घटना कहीं भी हो दुर्घटनाग्रस्त पीडि़तों को तुरंत दिलाए उपचार
-स्कूली वाहन मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर करें नियमानुसार दण्डात्मक व सीज की कार्यवाही
गाजियाबाद। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में की गई। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों द्वारा अध्यक्ष को मई माह 2024 की रिपोर्ट प्रेषित की गई। जिलाधिकारी ने रिपोर्ट में पाया कि मई माह में गत वर्ष के मई माह से ज्यादा दुर्घटना में, घायल व ज्यादा लोगों की मृत्यु हुई है। जिलाधिकारी ने उक्त विषय का चिंता व्यक्त करते हुए रोष प्रकट किया और निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने या कम करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएं। इसके साथ ही पिछली बैठक के कार्यवृत्त को देखा गया जिसमें सम्बंधित अधिकारियों द्वारा कार्य पूर्ण करने के लिए 15 दिवस का समय लिया गया था किन्तु एक माह उपरांत भी उनके द्वारा कार्य पूर्ण नहीं किए गए। उक्त अधिकारियों ने कहा कि कार्य पूर्ण होने वाला है और किसी ने कहा कि कार्य प्रगति पर है।
उनके द्वारा जिलाधिकारी से वर्तमान में दिए गये कार्यों और पूर्व में लंबित कार्यों को पूर्ण करने के लिए 15 दिन का समय लिया गया। जिस पर जिलाधिकारी ने उन्हें चेतावनी पत्र के साथ उक्त समय देते हुए कहा कि आगामी 15 दिवस में यदि कार्य पूर्ण नहीं पाया गया तो उन पर नियमानुसार विभागीय कार्यवाही की जायेगी। बैठक में जिलाधिकारी ने स्कूल वाहनों के संबंध में कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जिन वाहनों के फिटनेस नहीं है उन्हें त्वरित कार्यवाही करते हुए सीज किया जाए और सभी स्कूल वाहनों की बारीकी से जांच की जाए कि कहीं उनमें मानक के अनुसार कोई कमी तो नहीं है। किसी भी हालात विद्यार्थियों को स्कूली वाहनों से सम्बंधित कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा सड़क दुर्घटना कहीं भी हो दुर्घटनाग्रस्त पीडि़तों को तुरंत उपचार मिलना चाहिए। उपस्थित अधिकारी को आदेशित कि वह अपने दायित्व/कार्य का कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समय अंतराल में पूर्ण जिम्मेदारी से सम्पन्न करें एवं करायें। अधिकारी का दायित्व सिर्फ आदेश देना ही नहीं अपितु रिव्यू करना भी है। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) गंभीर सिंह, डीसीपी ट्रैफिक वीरेन्द्र कुमार, लोक निर्माण विभाग अधिशासी अभियंता रामराजा, एआरटीओ राघवेन्द्र सिंह, नगर निगम अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, एनसीआरटीसी अधिशासी अभियंता उमेश कुमार, एनएचएआई अधीक्षण अभियंता अंकुल कुमार, सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह एवं अन्य अधिकारी उपस्थिति रहें।