-आज लगाया हुआ पौधा कल को बनाएगा बेहतर: अमृत अभिजात
-महापौर, प्रमुख सचिव नगर विकास, नगर आयुक्त ने साईं उपवन में लगाए फलदार पौधे
-पौधे लगाने के साथ-साथ उनको बचाने का भी हो संकल्प
-100 वार्डो के विभिन्न क्षेत्रों में नगर निगम ने किया वृहद वृक्षारोपण
गाजियाबाद। पर्यावरण संरक्षण को लेकर शहरवासियों में पौधारोपण के प्रति उत्साह देखने को मिला। नगर निगम की जागरूकता से शहर में विभिन्न संस्थाओं ने पौधारोपण किया। नगर निगम सीमा अंतर्गत लगभग 1 लाख 45000 पौधे लगाए गए। शहर के ऐसे स्थान जहां पर पौधे लगाने की आवश्यकता थी वहां पर पौधा लगाया गया। पौधा लगाते समय पौधे बचाने की व्यवस्थाओं को भी बनाया गया। अधिकांश शहर निवासियों ने भी पौधों की जिम्मेदारी ली और उनको बचाने के लिए संकल्प भी लिया। नगर निगम के पांचो जोन में शनिवार को पौधारोपण का कार्य वृहद अभियान के रूप में चलाया गया। जिसमें कई सामाजिक संस्थाओं के साथ विद्यालयों, सरकारी व निजी प्रतिष्ठानों ने भी हिस्सा लिया।
नगर निगम द्वारा साईं उपवन में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख सचिव नगर विकास उत्तर प्रदेश अमृत अभिजात ने अपने नाम का पौधा लगाते हुए किया। वहीं महापौर सुनीता दयाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और सीडीओ अभिनव गोपाल ने भी अपने नाम का एक पौधा लगाया। प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने कहा वर्तमान परिवेश में ग्लोबल वार्मिंग व बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए हम सभी को अपने आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिए, ताकि वातावरण को स्वच्छ बनाया जा सके और पौधों से मिलने वाली ऑक्सीजन से स्वयं को सुरक्षित किया जा सके। विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाएं पौधारोपण जैसे कार्य में अपना सकारात्मक योगदान दे रही है। जितने अधिक धरा पर पेड़-पौधे होंगे, उतना ही वातावरण अच्छा होगा।
इस पौधारोपण कार्य को प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होकर जन आंदोलन का रूप देना होगा, तभी हम पौधा रोपण के लक्ष्य को प्राप्त कर पाएंगे। महापौर सुनीता दयाल ने कहा पेड़ प्रकृति का अनमोल उपहार है, पेड़ों के कारण ही पृथ्वी और हमारा जीवन खुशहाल है। पेड़ सच्चे योद्धा है, जो हमारे लिए प्रदूषण से लड़ते रहते है और हमें स्वच्छ व सुंदर पर्यावरण देने के साथ-साथ भरपूर मात्रा में ऑक्सीजन भी प्रदान करते है। परिवर्तित परिवेश में प्रदूषण एवं जलवायु में तेजी से परिवर्तन की दिशा में पर्यावरण संतुलन में वनों एवं वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जीवन जीने के लिए हमें शुद्ध वायु की जरूरत है। इसके लिए पौधरोपण जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगर निगम द्वारा युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
जिसमें आप सभी की भूमिका अहम है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा वृक्ष धरती का श्रृंगार हैं। जिस रफ्तार से हरियाली घट रही है और पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है, उससे बचने के लिए और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे रोपण आवश्यक है। सभी व्यक्तियों को प्रण लेना चाहिए कि वह एक पेड़ अवश्य लगाएंगे और जो पेड़ लगाएंगे उसका संरक्षण भी करेंगे। आधुनिकता की होड़ में जिले में हरियाली घट रही है। प्रदूषण ऐसा अभिशाप है जो वायु, जल, धरती व खाद्य पदार्थों को प्रदूषित कर लोगों को विभिन्न प्रकार की बीमारियां सौगात में दे रहा है। स्वच्छ पर्यावरण से ही प्रदूषण रूपी दानव का नाश संभव है। नगर आयुक्त ने पार्षदों और क्षेत्र वासियों का विशेष सहयोग करने के लिए धन्यवाद किया गया। साथ ही पौधारोपण की इस प्रक्रिया को लगातार बनाए रखने के लिए उद्यान विभाग टीम को मोटिवेट किया गया।
पार्कों के अलावा सार्वजनिक स्थानों पर जो के निगम की भूमि है अधिक से अधिक प्लांटेशन के लिए कहा गया। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य से अधिक पौधे लगाए गए है। शासन द्वारा 1 लाख 30 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था। जिसमें नगर निगम द्वारा 1 लाख 45 हजार पौधे लगाए गए। साईं उपवन में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें सभी ने अपने-अपने नाम का पौधा रोपित किया। निगम अधिकारियों को शत प्रतिशत पौधा बचाव के लिए कार्यवाही करने के निर्देश दिए। शहर वासियों को भी ऑक्सीजन का जनक बताते हुए पौधों को वृक्ष बनाने के लिए मोटिवेट किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार सहित समस्त विभागीय अधिकारी भी उपस्थित हुए। जिनके द्वारा अपने-अपने नाम के पौधे लगाए गए। ऐसे स्थान जहां पर कूड़े का ढेर था, वहां पर हरियाली दिखाई देगी।



















