एक पेड़ मां के नाम: सभी को समझना होगा वृक्षों का महत्व तभी बचेगा जीवन: सुनील शर्मा

-हिंडन बैराज पर पौधारोपण अभियान का कैबिनेट मंत्री ने किया शुभारंभ
-कैबिनेट मंत्री एवं विधायक ने जिला प्रशासन के साथ किया वृक्षारोपण

गाजियाबाद। प्रदेश सरकार के आह्वान पर जिले में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन द्वारा अर्थला के निकट हिंडन बैराज पर पौधारोपण अभियान के तहत बड़ी संख्या में पौधे रोपे गए। अभियान का शुभारंभ प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने पौधा रोप कर किया। कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने कहा पेड़-पौधे हमे ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, साथ ही जलवायु सुधार, जल संरक्षण, मिट्टी के संरक्षण, और वन्य जीवन की भी सुरक्षा करते है। धरती में पर्यावरण संतुलन के लिए लोक परंपरा का निर्वहन करते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण करना चाहिए। धरती पर जब वृक्ष होंगे, तभी जीवन बचेगा। मानव ही नहीं प्रत्येक प्राणी का जीवन वृक्षों के साथ है, यह प्रकृति को जीवित रखने के साधन हैं।

जिस दिन वृक्ष नहीं होंगे यह धरती जीवन विहीन हो जाएगी। यदि मनुष्य को अपने साथ अपने सहयोगी प्राणियों का जीवन बचाना है तो उसे वृक्षों को बचाने का और लगाने का संकल्प लेना ही होगा। इस दौरान डीएम इन्द्र विक्रम सिंह, सीडीओ अभिनव भोपाल, डीएफओ ईशा तिवारी, एडीएम सिटी गंभीर सिंह, डीडीओ प्रज्ञा श्रीवास्तव, डीपीआरओ प्रदीप कुमार द्विवेदी, डीडी कृषि रामजतन मिश्र, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमरजीत सिंह, जिला उद्यान अधिकारी निधि, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह, समाजसेवी काजल छिब्बर सहित अन्य अधिकारियों/गणमान्यों एवं सेठ मुकुन्द लाल (वी.के.) इंटर कॉलेज, शम्भू दयाल इंटर कॉलेज व कैलाशवती इंटर कॉलेज के स्काउट गाइड/एनसीसी कैंडिडेट द्वारा वृक्षारोपण किया गया।

विधायक अजितपाल त्यागी ने कहा हम गर्मी से परेशान हैं। गर्मी बढ़ने का कारण पेड़ों कटान ही है और अधिकाधिक पौधारोपण करके ही जीवन बचाया जा सकता है। वृक्ष मानव की मूल जरूरत हैं। ऑक्सीजन, भोजन, ईंधन, औषधि, पशु पक्षियों के आश्रय स्थल, थके हुए जीव को शीतल छाया यह देते हैं। आने वाली पीढिय़ों को शुद्ध हवा देनी है तो हमें पौधे लगाने ही होंगे। कहा जाता है कि जिस ओर जवानी चलती है उस ओर जमाना चलता है। युवा संकल्पित होकर इस अभियान को सफल कर सकते हैं। हमारा समाज और देश की जलवायु अच्छी रहे। उन्होंने आमजन से अपील की है कि हर व्यक्ति कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाए। अपने परिवार के नाम पर पेड़ लगाएं, अपने बड़े बुजुर्गों के नाम पर पेड़ लगाएं, अपनी मां के नाम पर पेड़ लगाएं। तभी बेतहाशा गर्मी से और आने वाले जल संकट से छुटकारा मिलेगा।

हिंडन बैराज के पास अर्थला गांव की जमीन पर हुए पौधारोपण में शंभू दयाल इंटर कॉलेज से स्काउट और एनसीसी कैडेट्स की मुख्य भूमिका रही। बच्चों ने बड़े चाव से उमस भरी गर्मी में पौधरोपण में अपना सहयोग दिया। बच्चे सुबह आठ बजे से ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए थे। कैबिनेट मंत्री और अन्य अतिथि 10 बजे के बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। बच्चों ने कार्यक्रम स्थल पर कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा का स्वागत किया। इस मौके पर डीएफओ ईशा तिवारी ने भी कैबिनेट मंत्री और मुरादनगर विधायक को पौधे भेंट कर अभिनंदन किया। डीएम इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण व सुरक्षा भी होनी चाहिए। वर्तमान में बढ़ते तापमान, गिरते भूजल स्तर, वायु प्रदूषण से निजात पाने के लिए हम सभी को मिलकर वृक्षारोपण करना है।

यह जरूरी नहीं है कि हम मात्र वृक्षा रोपण के दिन ही वृक्षों या पौधों का रोपण करें। जब भी आपको अवसर मिलता है वृक्षारोपण करें और ध्यान रखें कि उसका संरक्षण भी करना है। पौधा किसी ने भी लगाया हो उसका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग ईशा तिवारी ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले में 12.68 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इसके लिए 22 विभागों को जिम्मेदारी दी गई है। शासन से जिले को 10.55 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था। अभियान के दौरान 27 प्रजातियों के पौधे रोपित किए जा रहे है। हर पौधे की जियो टैगिंग भी की जाएगी।