-प्रमुख सचिव ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, महापौर एवं नगर आयुक्त ने साझा की योजना
-कावड़ के दौरान 24 घंटे व्यवस्था में रहेगी अधिकारियों की टीम
गाजियाबाद। 22 जुलाई से शुरु होने वाली कांवड़ यात्रा महोत्सव को लेकर गाजियाबाद में गजब का उत्साह दिखाई दे रहा है। सभी विभाग युद्ध स्तर पर कांवड़ यात्रा की तैयारियों को पूरा करने में जुटे हुए है। नगर निगम भी पूरी तैयारी से व्यवस्था में जुटा हुआ है। दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर पर भी व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए लगातार अधिकारियों का आवागमन बना हुआ है। शनिवार को प्रमुख सचिव नगर विकास उत्तर प्रदेश अमृत अभिजात ने भी महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के साथ नगर निगम द्वारा की जा रही कावड़ महोत्सव की तैयारी का जायजा लिया। कावड़ रखने के स्थान से लेकर कांवडिय़ों के बैठने और आराम करने के लिए समुचित व्यवस्था की तैयारी चल रही है। प्रमुख सचिव नगर विकास विभाग अमृत अभिजात को अधिकारियों ने कावड़ महोत्सव तैयारी की प्लानिंग साझा की। कावड़ रूट के अलावा साईं उपवन, दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर पहुंच कर चल रही तैयारी का जायजा लिया।
प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने नगर आयुक्त को मार्गो को सुव्यवस्थित करने के लिए कहा। साथ ही बैरिकेडिंग पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया। इसी क्रम में दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर के महंत नारायण गिरी से भी मुलाकात की। महंत द्वारा नगर निगम द्वारा की किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। प्रकाश व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नगर निगम द्वारा बैरिकेडिंग का पुख्ता इंतजाम कर रहा है। मंदिरों के बाहर भी आवश्यकता अनुसार बैरिकेडिंग की जा रही है। कांवडिय़ों के ठहरने के लिए आयोजित कावड़ शिविर जो कि साई उपवन में नगर निगम द्वारा व्यवस्थित किया जाता है उसका भी जायजा लिया।
प्रमुख सचिव ने कहा निगम के शिविर के साथ अन्य शिविरों में भी साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कांवड़ यात्रियों पर पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी फूलों की वर्षा करते हुए भव्य स्वागत किया जाएगा। साफ-सफाई की तैयारी को भी पूर्ण रूप से व्यवस्थित किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने बताया कावड़ महोत्सव के दौरान 24 घंटे निगम अधिकारियों की टीम मौके पर बनी रहेगी। जिसके लिए टाइम टेबल निश्चित करते हुए सभी को आदेशित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मंदिर के अंदर भी व्यवस्था को प्रबल करने के लिए तैयारी चल रही है जिसका जायजा लिया गया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।


















