-बच्चों ने किया श्रवण कुमार कहानी का नाटकीय मंचन
गाजियाबाद। मुरादनगर के प्राथमिक विद्यालय खुर्रमपुर प्रथम में गुरुवार को शिक्षण सप्ताह के अंतर्गत बच्चों ने श्रवण कुमार कहानी का नाटकीय मंचन प्रस्तुत किया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी ने बताया कि नई शिक्षा नीति के 4 वर्ष पूरे हो जाने के उपलक्ष में विद्यालयों में शिक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी के अंतर्गत चतुर्थ दिवस में सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाना था जिसके क्रम में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई।
बच्चों द्वारा लोकगीतों पर नृत्य, विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम,कविता पाठ, नाटक आदि का प्रस्तुतीकरण किया गया। आयोजन में मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा श्रवण कुमार की कथा का नाटकीय रूप से मंचन करना था। श्रवण कुमार के जीवन के विभिन्न पहलुओं का बच्चों ने अपने ही अंदाज में अभिनय किया। लक्ष्मी त्यागी ने बताया कि शिक्षा सप्ताह के अंतर्गत प्रथम दिवस में शिक्षण अधिगम सामग्री का निर्माण, उपयोग एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जाना था। द्वितीय दिवस में एफ एल एन संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाना था।
तृतीय दिवस के अंतर्गत विद्यालय में खेल दिवस का आयोजन होना था एवं चतुर्थ दिवस में सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाना था। सभी देशों की गतिविधियों को विद्यालय में उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है जिसमें विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चे न केवल नई-नई चीजें सीख रहे हैं बल्कि उनके व्यक्तित्व का भी विकास हो रहा है। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी, रुचिका जैन, रेणुका, नवीन, उज्जवल आदि उपस्थित रहे।
















