नूरनगर में अवैध कॉलोनी की बाउंड्रीवाल दुकान मकान को जीडीए ने किया ध्वस्त

गाजियाबाद। जीडीए सीमा क्षेत्र में अवैध निर्माण एवं काटी जा रही अनधिकृत कॉलोनियों पर जीडीए प्रवर्तन की टीम की कार्रवाई लगातार जारी है। कार्रवाई के साथ चेतावनी भी दी जा रही है दोबार अवैध निर्माण करने और अनधिकृत कॉलोनी काटी तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के आदेश पर शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-1 की प्रभारी एवं ओएसडी कनिका कौशिक ने सहायक अभियंता रूदे्रश शुक्ला व अवर अभियंता और जीडीए पुलिस की मौजूदगी में जोन क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए ग्राम नूरनगर के खसरा संख्या-225 में सोकी आदि द्वारा अवैध कॉलोनी में भूखंडों की बाउंड्रीवाल बनाए जाने के चलते उन्हें बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करा दिया।

इसके अलावा राजनगर एक्सटेंशन में हम-तुम रोड पर पिंटू त्यागी द्वारा काटी जा रही अवैध कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान, सड़क, बिजली के पोल को ध्वस्त करने के साथ ही यहां पर ही अमरीश कुमार द्वारा अवैध रूप से बनाई जा रही 3 दुकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करा दिया। जीडीए की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ता व कॉलोनाइजर ने जमकर हंगामा किया। मगर पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। मौके पर निर्देश दिए कि बगैर मानचित्र स्वीकृति के कोई निर्माण कार्य न कराया जाए।

उन्होंने जोन के सहायक अभियंता,अवर अभियंता तथा सुपरवाइजर को निर्देशित किया कि अवैध निर्माण सतत् निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि यह अवैध निर्माण पुन:शुरू न होने पाए। अवैध निर्माण व विकास कार्य के विरुद्ध विधिसम्मत् कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जीडीए सीमा क्षेत्र में भूमि पर विधिवत मानचित्र स्वीकृत के अनुसार ही निर्माण किया जाए। कोई भी व्यक्ति किसी भी वादग्रस्त,विवादित निर्माण में संपत्ति का क्रय-विक्रय न करें।