-डीएम की अध्यक्षता में नगर निकायों की 15वें वित्त आयोग की हुई बैठक
-नगर पंचायतों एवं नगरपालिकाओं में करोड़ों रूपयों के प्रस्ताव स्वीकृत
-कुछ प्रस्तावों में संसोधन, स्टीमेट की जांच एवं प्रतिस्पर्धात्मक दरें जांचने के दिए आदेश
गाजियाबाद। जनपद की नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों में 15वें वित्त आयोग के 21 करोड़ 75 लाख 95 हजार 844 रुपए से अब सूरत बदलेगी। शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में नगर निकायों के 15वें वित्त आयोग की बैठक हुई। बैठक में नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों में करोड़ों रुपए के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। जिलाधिकारी ने कुछ प्रस्ताव में संशोधन करने और एस्टीमेट की जांच व प्रतिस्पर्धात्मक दर जांचने के आदेश दिए। नगर निकायों में 15वें वित्त आयोग के तहत अवस्थापना विकास निधि,केंद्रीय वित्त आयोग से प्राप्त उपलब्ध धनराशि से कराए जाने वाले विकास कार्यों की प्रशासनिक वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन द्वारा गठित कमेटी एवं वंदन योजना के अंतर्गत कराए जाने वाले विकास कार्यों की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) आगणन प्रस्तावों के दिशा-निर्देश के अनुसार जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
इस दौरान नगर निकायों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क, नाली, गली, चारदीवारी, रंगाई-पुताई, सौंदर्यीकरण, सफाई मशीन, तालाब, पाईप लाईन, टंकी, बिजली, लाइट आदि के संबंध में प्रस्ताव दिए। इस पर जिलाधिकारी ने सर्वसम्मति से समिति द्वारा नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव जैसे प्राथमिक स्कूलों का जीर्णोद्धार, सड़क,खडंजा के निर्माण,मिट्टी भराव, सौंदर्यीकरण आदि के प्रस्तावों पर 21,75,95,844 रुपए की नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत में निर्माण एवं विकास कार्यों की वित्तीय-प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई। इसमें नगर पालिका परिषद लोनी में 9.88 करोड़ 37 हजार 868 रुपए के कार्य होंगे। जबकि नगर पालिका परिषद मोदीनगर में 3 करोड़ रुपए और मुरादनगर नगर पालिका परिषद में 4.88 करोड़ 6 हजार 902 और नगर पंचायत डासना में 3,25,19,074 रुपए,नगर पंचायत फरीदनगर में 74.32 लाख रुपए के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए।
बैठक के दौरान प्राप्त प्रस्तावों में से कुछ प्रस्तावों में संशोधन, एस्टीमेट की जांच एवं प्रस्तावों में प्रतिस्पर्धात्मक दरें जांचने का निर्णय लिया गया। इनके लिए टीम गठित भी कर दी गई। बैठक में लोनी नगर पालिका परिषद के चेयरमैन रंजीता धामा, नगर पंचायत डासना की अध्यक्षा बागे जहां एवं एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, एडीसीपी क्राइम सच्चिदानंद, एसडीएम मोदीनगर डॉ. पूजा गुप्ता, एएसडीएम चंद्रेश कुमार सिंह, मोदीनगर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी नरेंद्र मोहन मिश्रा,लोनी व खोड़ा नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कांत मिश्रा, ईओ मुरादनगर, निवाड़ी शैलेन्द्र कुमार, ईओ पतला, फरीदनगर नगर पंचायत आंचल पांडेय, ईओ डासना रोहित, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।

















