-आबकारी विभाग की टीम ने दबोचा हरियाणा शराब तस्कर
-महिला शराब माफिया फिर से लोनी में जमा रही अपने कदम
-शराब माफिया के खिलाफ आबकारी विभाग ने बनाई रणनीति
गाजियाबाद। जिले को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने एक बार फिर से शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से हरियाणा मार्का की अवैध शराब बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर हरियाणा से शराब लेकर दिल्ली के रास्ते लोनी में लाता था और हरियाणा शराब को लोनी क्षेत्र के आसपास के इलाकों में बेचता था। जिले में बडे माफिया का आबकारी विभाग पहले ही सफाया कर चुका है। लेकिन पिछले कुछ समय से एक महिला माफिया ने अपने कदम गाजियाबाद में जमा लिए है। अभी तक महिला माफिया का दायरा सिर्फ दिल्ली से सटे इलाके लोनी व दिल्ली के सीमा क्षेत्र है। जहां पर वह अपने गुर्गों से हरियाणा शराब मंगाकर तस्करी का धंधा चला रही है। जब भी आबकारी विभाग की टीम महिला माफिया को पकडऩे के लिए लोनी पहुंचती है तो उससे पहले ही इसकी सूचना महिला माफिया को लग जाती है और वह गाजियाबाद छोड़कर दिल्ली की सीमा में जाकर छिप जाती है। यह खेल पिछले कई माह से चल रहा है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस और आबकारी विभाग पर नजर रखने के लिए महिला माफिया ने घर से करीब 20 से 30 मीटर की दूरी पर कैमरा लगाया हुआ है।
घर से ही वह सभी चीजों पर अपनी नजर बनाए हुए है। आबकारी विभाग की सख्ती के बाद कुछ माह के लिए महिला माफिया ने अवैध शराब का धंधा छोड़ दिया था, मगर अब फिर से अपने धंधे को शुरु कर दिया है। आबकारी विभाग की दबिश में कई बार इसका खुलासा हुआ है। जिसमें महिला माफिया के करीब आधा दर्जन गुर्गों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आबकारी विभाग ने महिला माफिया को पकडऩे के लिए अपना जाल बिछा दिया है। जल्द ही महिला माफिया को पकड़ कर जेल भेजने की तैयारी शुरु हो गई है। गौरतलब हो कि जिले को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए आबकारी अधिकारी हर दिन नई रणनीति के तहत अपनी कार्रवाई को अंजाम दे रहे है। जिले में छोटे तस्कर हो या फिर बडे माफिया किसी को भी गाजियाबाद में पनाह नहीं दी जाएगी। तस्करों की जगह सिर्फ एक ही जगह है वह जेल। आबकारी विभाग अपनी कार्रवाई से पहले तस्कर हो या फिर माफिया उन्हें सुधरने का एक मौका जरूर देता है। अगर चेतावनी के बाद भी नहीं सुधरे तो सलाखों के पीछे भेजने से भी पीछे नही हटता है।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगाातर छापेमारी एवं दबिश दी जा रही है। मंगलवार देर शाम को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना लोनी बोर्डर क्षेत्र राहुल गार्डन में में एक व्यक्ति अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी। शिकायत की पुष्टि के लिए एक सिपाही को सिविल वर्दी में ग्राहक बनाकर तस्कर के पास शराब खरीदने के लिए भेजा। जैसे ही तस्कर ने सिपाही से पैसे लेकर उसके हाथ में शराब थमाई तो टीम ने दबोच लिया। तस्कर की निशानदेही पर 43 पौव्वे संतरा देसी शराब हरियाणा मार्का बरामद किया गया।
पकड़े गए तस्कर की पहचान मोहित गुप्ता निवासी नंद नगरी दिल्ली के रुप में हुई है। पूछताछ में तस्कर ने बताया वह लोनी में एक महिला तस्कर राखी है। जिसके कहने पर वह हरियाणा से शराब लाकर लोनी व आसपास के क्षेत्र में सप्लाई करता है। तस्कर की शिकायत पर जब महिला के घर दबिश दी गई तो घर पर ताला लगा हुआ था। पकड़े गए तस्कर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। साथ ही महिला तस्कर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया है। जल्द ही महिला तस्कर को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। जिले में अवैध शराब का कारोबार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं होगा।

















