-बिजलीघर के पास झाडियों में छिपकर शराब तस्करी कर रहे तस्कर को दबोचा
उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जनपद गौतमबुद्ध नगर को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाई जा रही मुहिम एक बार फिर से रंग ला रही है। रात में चोरी-छिपे शराब तस्करी करने वाले तस्करों की कमर तोड़ने के लिए आबकारी विभाग की टीम रात्रि अभियान की शुरुआत होते ही सलाखों के पीछे जाने वालों की संख्या बढऩे लगी है। दरअसल आबकारी अधिकारी को रात में चोरी छिपे शराब तस्करी करने वालों की शिकायत काफी मिल रही थी। शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए रात्रि अभियान की शुरुआत की और अवैध शराब के कारोबार में लिप्त तस्करों को ढूंढ कर सलाखों के पीछे भेजना शुरु कर दिया गया।
आबकारी अधिकारी की इस कार्रवाई से अब रात में चोरी छिपे शराब तस्करी करने वाले तस्करों में भी हड़कंप मच गया है। तस्करों के लिए पहले दिन का समय सुरक्षित था नहीं अब रात भी नहीं रहा है। रात होते ही सभी आबकारी निरीक्षक अपनी टीम के साथ सड़कों पर चेकिंग अभियान चलाने के साथ शराब तस्करों की ठिकानों पर दबिश देने पहुंच जाते है। वहीं इस कार्रवाई में आबकारी विभाग का मुखबिर तंत्र भी अपनी अच्छी भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। जो कि लाइसेंसी शराब की दुकानों से शराब खरीद कर उक्त शराब को दुकान बंद होने के बाद झाडिय़ों के बीच छिपकर शराब तस्करी करता था। जिसके कब्जे से शराब बरामद कर सलाखों के पीछे भेज दिया।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में दबिश एवं चेकिंग कर रही है। बुधवार रात को आबकारी निरीक्षक रवि जायसवाल और थाना सेक्टर-49 की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग के दौरान सेक्टर 50 बिजलीघर के पास दबिश दी गई। जहां पर झाडिय़ों के पास छिपकर शराब तस्करी कर रहे हेमंत पुत्र लियोस निवासी होशियारपुर को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से कटरीना देशी शराब ब्रांड के 127 पौवे यूपी मार्का बरामद किया गया। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।
वहीं आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और थाना जेवर की संयुक्त टीम ने भी रात्रि अभियान चलाकर सावोता अंडरपास जेवर के पास अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहे प्रमोद पुत्र स्व: महेंद्र को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से कैटरीना ब्रांड देसी शराब के 45 पौवे व ट्विन टॉवर ब्रांड के 20 पौवे यूपी मार्का और तस्करी में प्रयुक्त विक्की गाड़ी एवं 6540 रुपये बरामद किए गए। पकड़ा गया तस्कर विक्की गाड़ी से क्षेत्र में घूम-घूम कर शराब तस्करी कर रहा था। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया गया।
उन्होंने बताया शराब तस्करों पर प्रभावी रुप से कार्रवाई करने के लिए रात्रि अभियान की शुरुआत की गई। जिसके परिणाम भी सकारात्मक आ रहे है। ज्यादातर तस्कर रात में भी शराब तस्करी करते है। क्योंकि दिन में लाइसेंसी दुकानें खुली रहती है और उन्हें अधिक फायदा नहीं होता है। इसलिए रात में दुकानें बंद होने के बाद ही वह यूपी की शराब हो या फिर बाहरी राज्यों की शराब दोनों को रात में ही बेचते है। जिस पर उन्हें मुंह मांगे दाम भी मिल जाते है। अवैध शराब के खिलाफ रात्रि अभियान आगे भी निरतंर जारी रहेगा।

















