गाजियाबाद। नशीले पदार्थ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में गांजा तस्करी करने वाले शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से 3 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा बरामद किया गया। पकड़ा गया आरोपी ट्रेन, बस आदि के माध्यम से एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में ऑन डिमांड गांजा तस्करी करता था। जीआरपी प्रभारी अनुज मलिक ने बताया सीओ जीआरपी के निर्देशन में मादक पदार्थों के खिलाफ ट्रेन, रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को दरोगा सतेन्द्र कुमार की टीम द्वारा रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन के बीच वाले यात्री पुल के विजय नगर की ओर अंतिम छोर से मनदीप उर्फ आकाश पुत्र राजेश निवासी मदन गिरि दक्षिणपुरी साउथ दिल्ली को गिरफ्तार किया गया।
जिसके कब्जे से 22.25 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत 3 लाख 35 हजार रुपयेे) बरामद किया गया। उन्होंने बताया पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है, जो कि अधिक कमाई के चक्कर में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में गांजा तस्करी कारोबार करता था। जिस जगह से डिमांड मिलती, गांजा सप्लाई के लिए ट्रेन व बस आदि के माध्यम से तस्करी करने पहुंच जाता था। पुलिस से बचने के लिए गांजा तस्करी के लिए सूटकेस का इस्तेमाल करता था। जिसमें ऊपर कपड़े और नीचे गांजे के पैकेटों को छिपाकर रखता था। पूछताछ में कुछ एजेंटों के बारे में जानकारी मिली है, जो गांजा तस्करी का कारोबार करते है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीम प्रयास कर रही है।
















