63 एकड़ जमीन में निगम की जमीन पर बॉयोडायवर्सिटी पार्क बनाने का रास्ता साफ

गाजियाबाद। नगर निगम की जमीन पर 63 एकड़ जमीन में बॉयोडायवर्सिटी पार्क विकसित करने का रास्ता भी अब साफ हो गया। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रम में बायोडायवर्सिटी पार्क योजना का शिलान्यास किया। नगर निगम के उद्यान विभाग द्वारा जल्द ही अब इस पार्क पर कार्य शुरू कराया जा सकेगा। महामाया स्टेडियम के पास बॉयोडायवर्सिटी पार्क विकसित करना प्रस्तावित है। इस पार्क पर लगभग 15 करोड़ रुपए खर्च होंगे। पार्क में 450 प्रजाति के पौधे लगाने के साथ ही रिसर्च सेंटर भी बनाया जाएगा। इसमें छात्र जैव विविधता की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

नगर निगम के उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि बताया कि 63 एकड़ जमीन पर बॉयोडायवर्सिटी पार्क को बेहतर तरीके से विकसित किया जाएगा। पार्क में बच्चों के लिए झूल लगाए जाएंगे। टहलने के लिए फुटपाथ बनेंगे। इसके अलावा वाहनों के लिए पार्किंग होंगी। वहीं, रेस्तरां खोला जाएगा। पौधों की सिंचाई के लिए एसटीपी लगेगा। इसके पास से निकल रहे नाले के पानी को शोधित करने के बाद पौधों में दिया जाएगा। इस तरह पौधों की सिंचाई के लिए पानी की कमी नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि पार्क के एक हिस्से में तितली पार्क बनाने की भी योजना है।