-शहर के 42 महत्वपूर्ण तिराहों और चौराहों पर लगाए जाएंगे आधुनिक कैमरे
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को नगर निगम की इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) योजना का शिलान्यास किया। योजना के तहत शहर के 42 महत्वपूर्ण तिराहों और चौराहों पर आधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे। इनको कंट्रोल रूम से जोड़कर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारा जाएगा। जनपद में 8 लाख से ज्यादा वाहन पंजीकृत हैं। सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या रहती है। वहीं, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन से हादसे का खतरा रहता है। लोगों को सड़कों पर राहत देने के लिए आईटीएमएस योजना पर काम शुरू होना है।
इस योजना पर करीब 82 करोड़ रुपए खर्च होंगे। नगर निगम ने इस योजना पर काम शुरू कराने के लिए टेंडर निकाला हैं। तीन कंपनियों ने काम करने में दिलचस्पी दिखाई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी ने सेफ सिटी के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ने के कार्य का भी शिलान्यास किया है। खास बात यह है कि यह सीसीटीवी कैमरे हाई रेजोल्यूशन और नाइट विजन के होंगे। यह 360 डिग्री पर घूम सकेंगे।
आईपी बेस्ड कैमरे होने से इंटरनेट की मदद से स्थानीय स्तर से लेकर लखनऊ तक निगरानी हो सकेगी। कैमरों की मदद से अपराधियों को पकडऩे में भी मदद मिलेगी। सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस की अवैध वसूली रूकेगी। कैमरों की मदद से ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों का ऑटोमैटिक ई-चालान होगा। नंबर प्लेट रीडर लगा होने के कारण यातायात नियमों को तोडऩे वालों का ई-चालान होगा। इमरजेंसी में ट्रैफिक डायवर्जन के संबंध में अनाउंसमेंट किया जाएगा। कैमरों के सामने से निकलने वाले हर वाहन को स्कैन कर डाटा सर्वर में फीड हो जाएगा। फिलहाल यातायात के नियम तोडऩे वाले वाहनों की पहचान नहीं हो पाती है। अपराध करने वाले लोगों की पहचान नहीं होने और जिले में बाहरी वाहनों के प्रवेश करने पर पता नहीं रहता है।
















