गाजियाबाद। विजयनगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित दिव्यांगजनों के अधिकाधिक समावेशन के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप एवं महापौर सुनीता दयाल ने लाभार्थियों को शादी अनुदान के स्वीकृति पत्र सौंपे। इसके साथ ही ओ लेवल के प्रशिक्षणार्थियों को बैग, स्टडी मॉड्यूल, स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत टैबलेट वितरित किए।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का राज्य मंत्री ने निरीक्षण भी किया। इसके अलावा दिव्यांगजन विभाग द्वारा यूडीआईडी कार्ड, पेंशन के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र आदि वितरित भी किए। इस दौरान कौशल विकास मिशन, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, महिला कल्याण, चिकित्सा विभाग, दिव्यांगजन एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री के प्रतिनिधि सौरभ जायसवाल,पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग से नामित नोडल अखिलेश सोनकर, उपनिदेशक शरद प्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. प्रीतिलता, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष राय, सुधीर त्यागी, नोएडा से लवेश सिसोदिया, आशीष सिंह आदि उपस्थित रहे।

















