-आबकारी विभाग की टीम ने हरियाणा शराब समेत तस्कर को किया गिरफ्तार
उदय भूमि
गाजियाबाद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने एक हरियाणा शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर दिल्ली के रास्ते हरियाणा की सस्ती शराब लाकर उसे ट्रोनिका क्षेत्र में बेचने का काम करता था। पुलिस से बचने के लिए तस्कर ने शराब को खाली प्लाट में छिपाकर रखा हुआ था। आरोपी दिखावे के लिए दिन में मजदूरी और रात में शराब तस्करी का धंधा करता था। गौरतलब हो कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। तस्करों की गिरफ्तारी के लिए दिन-रात छापेमारी एवं दबिश दी जा रही है। पकड़े गये तस्कर ने शराब तस्करी का अपना जाल इस तरह बिछाया हुआ था, कि पुलिस भी उस तक नहीं पहुंच पाती थी। क्योंकि दिन भर मजदूरी करने के बाद आराम से रात होने पर उक्त शराब को फोन आते ही सप्लाई करके निकल जाता था। जिसकी एवज में वह प्रति शराब के पव्वे पर 20 से 30 रुपए अतिरिक्त वसूल करता था। जैसे ही इसकी सूचना आबकारी विभाग को लगी तो शराब तस्कर को पकडऩे के लिए अपना जाल बिछाया दिया। शराब तस्कर तक पहुंचने के लिए आबकारी विभाग ने अपने मुखबिर तंत्र को ग्राहक बनाकर शराब खरीदने के लिए तस्कर के पास भेजा। तस्कर ने भी दो तीन दिन तक आबकारी विभाग के मुखबिर तंत्र को शराब देने से मना कर दिया। लेकिन गुरुवार को आबकारी विभाग के जाल में शराब तस्कर आखिरकार फंस गया।
आज जैसे ही आबकारी विभाग का मुखबिर तस्कर के पास शराब लेने के लिए पहुंचा तो तस्कर ने भी रुपये लेने के बाद आबकारी विभाग की टीम द्वारा भेजे गए ग्राहक को शराब का पव्वा हाथ में थमाया, कुछ दूरी पर हरी झंडी मिलने के इंतजार में बैठी आबकारी विभाग की टीम ने दबिश देकर मौके से पकड़ लिया। आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार हो रही कार्रवाई से बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी की घटनाओं पर काफी हद तक रोक लग चुकी है। लेकिन लोनी क्षेत्र दिल्ली से सटा होने के कारण छोटे शराब तस्करों के लिए तस्करी करना आसान रहता है। अगर गाजियाबाद की तरह दिल्ली में सख्ती हो जाए तो शराब तस्करी करना तस्करों के लिए इतना आसान नहीं है। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ टीम परिवहन, निर्माण व बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग एवं शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में एक व्यक्ति हरियाणा शराब की तस्करी कर रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए तत्काल आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा की टीम गठित की गई। टीम द्वारा मुखबिर के बताए स्थान थाना ट्रोनिका सिटी स्थित खडख़ड़ी पावी रोड, सिल्वर सिटी के पास दबिश दी गई।
आबकारी विभाग की टीम से एक सिपाही को सूचना की पुष्टि के लिए सिविल वर्दी मेंं शराब तस्कर के पास शराब खरीदने के लिए भेजा गया। जैसे ही सिपाही ने तस्कर से शराब मांगी तो पहले तस्कर ने शराब बेचने से मना कर दिया। मगर कुछ देर बाद सिपाही से रूपये लेकर तस्कर ने जैसे ही शराब का पव्वा हाथ में थमाया तो आबकारी विभाग की टीम ने पकड़ लिया। जिसकी निशानदेही पर खडख़ड़ी पावी रोड, सिल्वर सिटी के पास खाली प्लाट में छिपाकर रखी 92 पौव्वे संतरा देसी शराब हरियाणा मार्का बरामद किया गया। पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह दिन में मजदूरी करता है और रविवार के दिन दिल्ली के रास्ते हरियाणा से शराब तस्करी करता था। हरियाणा की शराब को क्षेत्र की लाइसेंसी शराब की दुकानें बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचता था। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया। साथ ही टीम द्वारा लगातार शराब की दुकानों पर भी गुप्त टेस्ट परचेजिंग की कार्यवाही की जा रही है। जिससे दुकानों पर होने वाली शराब पर ओवर रेटिंग की कार्यवाही को रोका जा सकें।















