मुरादनगर विधायक और नगर आयुक्त के प्रयासों से भिक्कनपुर का धरना हुआ समाप्त

-निगम द्वारा किया जा रहा है सकारात्मक प्रयास, विकास संघर्ष समिति से हुई बात

गाजियाबाद। मुरादनगर में पाइप लाइन रोड पर नगर निगम द्वारा कूड़ा डाले के विरोध में 18 दिन से चल रहे विकास संघर्ष समिति का क्रमिक अनशन आखिरकार मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के प्रयासों से समाप्त हो गया। शनिवार को मुरादनगर विधायक और नगर आयुक्त धरना स्थल पर पहुंचे और विधायक ने आंदोलनरत किसानों और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की वार्ता कराते हुए नगर निगम को 31 दिसंबर तक का समय दिया गया। नगर आयुक्त ने किसानों को आश्वासन दिया है कि इस बीच नगर निगम कूड़ा डालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर लेगा। जिस पर विकास संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने अपनी सहमति जताई।

मौके पर अपर नगर आयुक्त वरिष्ठ प्रभारी स्वास्थ्य अवनींद्र कुमार और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार भी उपस्थित रहे। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा कचरा निस्तारण की प्रक्रिया के लिए निविदा की कार्यवाही भी जोरों से चलाई रही है। स्थान का चयन होते ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया को नया रूप दिया जाएगा। इसके अलावा विकास संघर्ष समिति की मांग को भी सुना गया। जिसमें उक्त क्षेत्र को धूल मुक्त करने के लिए सड़कों के निर्माण के लिए बताया गया। उसको तत्काल प्रभाव से पूर्ण करने के लिए नगर आयुक्त द्वारा संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए गए।

दवाई के छिड़काव के लिए निरंतर कार्य करने के लिए भी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया कि गालंद में कार्य प्रारंभ करने की योजना चल रही है। इसके अलावा अन्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए भी कार्यवाही पर जोर दिया जा रहा है। यथाशीघ्र कचरा निस्तारण की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। मुरादनगर विधायक द्वारा निगम अधिकारियों और  विकास संघर्ष समिति के पदाधिकारी के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए धरना समाप्त कराया गया। साथ ही तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए। स्थान का चयन व अन्य प्रक्रिया को भी यथाशीघ्र पूर्ण करने के लिए कहा गया।