सुप्रीम कोर्ट सख्त, सरकार से स्टेटस रिपोर्ट तलब
नई दिल्ली। दिल्ली में कोविड-19 (कोरोना वायरस) की मौजूदा स्थिति पर सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जाहिर की है। कोर्ट ने कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार से 3 दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार से भी स्टेट्स रिपोर्ट तलब की गई है। देश की राजधानी में कोरोना संक्रमण का प्रकोप एकाएक बढ़ गया है। पॉजिटिव केस की संख्या में वृद्धि होने से हालात बिगड़ रहे हैं। दीपावली पर्व के बाद स्थिति ज्यादा चिंताजनक नजर आ रही है। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को इस मुद्दे पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने कहा कि पिछले कुछ समय में दिल्ली में कोरोना के कारण हालात बिगड़े हैं। कोरोना संक्रमण से निपटने को सरकार ने क्या व्यवस्था की है, उस पर 3 दिन के भीतर हलफनामा दिया जाए। दिल्ली के अलावा महाराष्ट्र सरकार से भी स्टेटस रिपोर्ट प्रेषित करने को कहा गया है। कोर्ट में सुनवाई के दरम्यान जस्टिस अशोक भूषण ने कहा कि दिल्ली में हालात बिगड़ रहे हैं। शीर्ष अदालत में केंद्र की तरफ से सॉलिसिटर जनरल ने पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ केंद्र-दिल्ली का मसला नहीं है। 15 नवंबर को केंद्र की तरफ से गृह मंत्री ने कुछ निर्देश दिए हैं, मगर दिल्ली सरकार को अभी काम करने की आवश्यकता है। कोर्ट ने कहा है कि यदि राज्यों ने समय रहते उचित कदम नहीं उठाए तो दिसंबर में हालात ज्यादा बिगड़ सकते हैं। दरअसल कोरोना वायरस के कारण हुई मौत के बाद सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करने के मुद्दे पर सोमवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दरम्यान कोर्ट ने कोरोना की स्थिति पर चिंता जाहिर की। दिल्ली सरकार के अधिवक्ता ने कोर्ट में कहा कि सरकार ने सभी निदेर्शों का पालन किया है। बता दें कि पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 6 हजार से ज्यादा नए केस प्रकाश में आए हैं।















