विधानसभा उपचुनाव: डीसीपी राजेश कुमार ने संभाली नामांकन सुरक्षा की कमान

गाजियाबाद। विधानसभा उपचुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए डीसीपी (नगर) राजेश कुमार ने जहां जिला मुख्यालय में विभिन्न राजनैतिक पार्टी के प्रत्याशियों के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। वही कलेक्ट्रेट को अभेद चक्रव्यूह तैयार किया हुआ है। शुक्रवार को डीसीपी ने नगर राजेश कुमार ने कविनगर एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव व एसएचओ योगेन्द्र सिंह मलिक के साथ कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वारों से लेकर नामांकन स्थल तक की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही अधीनस्थों को पूरी तरह से सजग, सतर्क व सक्रिय रहकर निर्वाचन आयोग की गाइड लाइन को फॉलो करवाने के दिशा निर्देश दिए। डीसीपी का कहना है कि विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर व्यवस्था पुख्ता कर ली गई है। हर छोटी-छोटी सूचना पर पुलिस काम कर रही है।
ड्यूटी पर तैनात होने वाले सभी पुलिस जवानों तथा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान आम जन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार कर उनका सहयोग लिया जाए तथा असामाजिक किस्म के लोगों के साथ सख्ती से निपटा जाए। विधानसभा उपचुनाव में निष्पक्ष तथा स्वतंत्र रूप से मतदान करवाने के लिए पुलिस की ओर से व्यापक प्रबंध किए जा रहे है। डीसीपी ने नगर क्षेत्र में चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने की जिम्मेदारी खुद संभाल रखी है।