बुर्कानशीं महिला का क्रिमनल अवतार, हुई गिरफ्तार

परचून की दुकान में घुसकर चलाई गोलियां

नई दिल्ली। दिल्ली में फिल्मी अंदाज में दुकानदार को धमकाने और गोलियां चलाने का मामला प्रकाश में आया है। बुर्का पहने महिला अचानक परचून की दुकान में घुस जाती है। यह महिला खुद को गैंगस्टर की बहन बताकर गोलियां चलाने लगती है। इससे मार्केट में एकाएक हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस एकाएक हरकत में आ गई। पुलिस ने आरोपी महिला नुसरत को गिरफ्तार कर लिया। उसके सहयोगी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि बुर्का पहने एक महिला परचून की दुकान में एंट्री करती है। इसके बाद वह दुकानदार के साथ गाली-गलौच कर गोलियां चलाने लगती है। महिला खुद को गैंगस्टर नासिर की बहन बता रही है। यह घटना दिल्ली के उत्तर पूर्वी जिला के चौहान बांगर क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक यह वीडियो गत 18 नवम्बर का है। आरोपी महिला नुसरत निवासी जाफराबाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस संबंध में थाना जाफराबाद में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि परचून दुकानदार के साथ नुसरत का किसी बात पर विवाद हो गया था। इसके बाद वह इरफान नामक युवक के साथ बाइक पर सवार होकर दुकान पर पहुंची। तदुपरांत इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से फरार इरफान की तलाश की जा रही है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली थी। उधर, दिल्ली के रोहिणी में पुलिस की स्पेशल सेल और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 2 बदमाशों के पैरों में गोलियां लगीं। आरोपी रूपेंद्र और अमित निवासी हरियाणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों हरियाणा के गैंगस्टर बताए गए हैं। आरोपियों पर हत्या, हत्या का प्रयास, जबरन वसूली, लूट और पुलिस पर फायरिंग संबंधी कई मामले दर्ज हैं।