विजय सिन्हा बने बिहार विधान सभा के अध्यक्ष

विपक्ष के उम्मीदवार अवध बिहारी चौधरी की हार

पटना। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा बिहार विधान सभा के अध्यक्ष निर्वाचित हो गए हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव में उन्होंने विपक्ष के उम्मीदवार अवध बिहारी चौधरी को पराजित कर दिया। मतदान से पहले सदन में भारी हंगामा बरपा। विपक्ष ने सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। बिहार विधान सभा में बुधवार को स्पीकर पद के लिए चुनाव कराया गया। इस पद के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने विजय कुमार सिन्हा को और महागठबंधन ने अवध बिहारी चौधरी को उम्मीदवार बनाया था। विधान सभा के सदस्यों ने विजय कुमार को अध्यक्ष चुना है। सदन के 126 सदस्यों का उन्हें समर्थन मिला। इससे पहले वाइस वोटिंग में भी विजय ने जीत दर्ज की। तदुपरांत मत विभाजन से अध्यक्ष पद चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके पहले सदन में सदस्य अख़तरुल ईमान ने अध्यक्ष पद का चुनाव सर्वसम्मति से कराने की अपील की थी। जिस पर प्रोटेम स्पीकर जीतन राम मांझी ने कहा कि इसका फैसला सदन के माननीय लेंगे। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया की गई। स्पीकर पद पर चुनाव से पहले सदन में काफी हंगामा मचा। विपक्ष ने गुप्त मतदान की पुरजोर मांग की, मगर प्रोटेम स्पीकर ने इस मांग को खारिज कर दिया। विपक्ष ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मंत्री अशोक चौधरी की सदन में मौजूदगी पर भी आपत्ति जताई। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि एनडीए ने जनादेश की चोरी की है। 4 साल में बिहार में 4 सरकारें देखी गई, मगर हर बार जनादेश चोरी किया गया है। पिछली सरकार चोर दरवाजे से आई थी। ये सरकार भी चोर दरवाजे से आई है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मंत्री अशोक चौधरी की मौजूदगी पर सवाल उठाए। विपक्ष का कहना था कि दोनों नेता विधान सभा के सदस्य नहीं हैं।