गाजियाबाद। मोहन नगर स्थित आईटीएस परिसर में गुरुवार को आईटी विभाग के एमसीए पाठ्यक्रम के कल्चरल फेस्ट प्रतिभा -2024 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन आईटी तथा स्नातक विभाग के निदेशक डॉ सुनील कुमार पांडेय, एमसीए पाठ्यक्रम की चेयरपर्सन प्रोफ. पूजा धर, कोऑर्डिनेटर प्रोफ. स्मिता कंसल ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। चेयरमैन डॉ आरपी चड्ढा और वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने हर्ष व्यक्त किया तथा सभी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
निदेशक डॉ सुनील कुमार पांडेय ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यक्रम छात्रों को अपने वरिष्ठ सहपाठियों से मिलने एवं एक दूसरे को समझने तथा स्वस्थ टीम भावना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी छात्रों के उज्जवल तथा प्रकाशमय भविष्य की कामना की। इस अवसर पर छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए एमसीए पाठ्यक्रम की चेयरपर्सन प्रोफ. पूजा धर ने कहा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों को एक दूसरे को समझने एवं भावनात्मक सम्बन्ध विकसित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अपने संबोधन में सभी छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्रों ने मिलकर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की जिनमे एकल नृत्य एवं समूह नृत्य, गायन, कविता पाठन के साथ साथ रैंप वॉक सम्मिलित हैं। इस अवसर पर निर्णायक मंडल की संस्तुति के आधार पर एमसीए प्रथम वर्ष के आकाश प्रजापति एवं निधि गोस्वामी को मिस्टर फ्रेशर एवं मिस फ्रेशर घोषित किया गया और रूप किशोर एवं तरंग जैन को मिस्टर एवं मिस टैलेंट के अवार्ड से सम्मानित किया गया।


















