आनंद विहार बस अड्डे से लेकर कौशांबी वैशाली तक निगम ने चलाया अवैध अतिक्रमण अभियान

-वसुंधरा, विजयनगर और कवि नगर में खाली कराए मार्ग, 82000 रुपये का वसूला जुर्माना

गाजियाबाद। शहर की सड़कों पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने अपनी कार्यवाही तेज कर दी है। कार्यवाही के तहत शहर के सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए जुर्माना वसूला जा रहा है। शुक्रवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। वसुंधरा जोन अंतर्गत अभियान में 32000 रुपये की वसूली की गई। आनंद विहार बस अड्डे से लेकर कौशांबी और वैशाली में अभियान चलाया गया। विजयनगर जोन अंतर्गत जोनल प्रभारी द्वारा मार्गो को खाली कराया गया और 20000 रुपये की वसूली की गई।

इसी क्रम में कवि नगर जोन अंतर्गत कलेक्ट्रेट रोड कचहरी के बाहर अवैध अतिक्रमण को हटाने का अभियान चलाते हुए 30000 रुपये की वसूली की गई। कवि नगर विजयनगर और वसुंधरा जोन अंतर्गत अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाते हुए 82000 रुपये की वसूली की गई। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही को गति दी जा रही है। जोनल प्रभारी भी क्षेत्र का भ्रमण कर अवैध अतिक्रमण हटाने का काम कर रहे है।