अवैध अतिक्रमण अभियान: नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए वसूला 3.26 लाख रुपए का जुर्माना

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहर में सड़कों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान के तहत सोमवार को मोहननगर, विजयनगर, सिटी और कविनगर जोन क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान टीमों ने 3 लाख 26 हजार 500 रुपए का जुर्माना भी दुकानदारों से वसूला। नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान जारी है। सोमवार को मोहननगर जोनल प्रभारी ने प्रवर्तन दल टीम के साथ कटोरी मिल के आसपास अवैध अतिक्रमण को हटाया।

मौके पर 40 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। ऐसे ही सिटी जोनल प्रभारी ने सिटी जोन क्षेत्र के पटेलनगर और पुराना बस अड्डा के आसपास अवैध अतिक्रमण हटाते हुए 2,31,500 रुपए जुर्माना वसूला गया। विजयनगर जोनल प्रभारी ने जोन क्षेत्र में शिवपुरी में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कराई। कविनगर जोन अंतर्गत जोनल प्रभारी राजेश गुप्ता ने टैक्स अधीक्षक आशुतोष गुप्ता व टीम के साथ राजनगर सेक्टर-10 तथा सेक्टर-14 राजनगर में अवैध अतिक्रमण हटाते हुए दुकानदारों से 55 हजार रुपए का जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की गई।

इसके साथ ही शहर को पॉलीथिन मुक्त  बनाने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। इसमें व्यापारी वर्ग का भी निगम को सहयोग प्राप्त हो रहा हैं। साथ ही मार्गों को खाली करने तथा आवागमन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्रवाई निगम कर रहा हैं। बाजारों में दुकानदारों से शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील भी की जा रही है।