गाजियाबाद। देर रात शालीमार गार्डन स्थित क्रिस्टल कैफे में दो पक्षों की बीच जमकर बबाल हुआ। दोनों पक्षों का यह तांडव कैफे के बाहर निकलकर सड़क पर भी तब तक जारी रहा जब तक कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आधा दर्जन को दबोच नहीं लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में एक दिल्ली पुलिस का हैड कांस्टेबल भी है। मौके पर एक स्कॉर्पियो को बुरी तरह तोड़ दिया गया। क्रिस्टल कैफे का नाम हुक्का बार से भी जुड़ा रहा है। सोमवार देर शाम कैफे में चल रही एक बर्थडे पार्टी के दौरान हुए इस बवाल के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। दोनों पक्ष किस तरह एक दूसरे की जान के पीछे हाथ धोकर पड़े हैं, वीडियो देखकर आसानी से समझा जा सकता है। इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस को इन्हें काबू करने में पसीने आ गए।
एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि रात शालीमार गार्डन में 80 फुटा रोड स्थित क्रिस्टल कैफे में झगड़े की सूचना प्राप्त होने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। कैफे में आनंद सिंह पुत्र संजय सिंह अपने अन्य साथियों के साथ पार्टी करने के पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद दिल्ली पुलिस का हैड कांस्टेबल सोनू पुत्र जन्नेद्र अपने साथियों के साथ जिम कौच अनिल का बर्थडे मनाने पहुंचा हुआ था। दोनों पक्षों में डीजे पर गाने बजाने को लेकर विवाद हो गया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आपस में उलझते हुए कैफे से बाहर आ गए और सड़क पर हुए तांडव को देखकर आसपास दहशत फैल गई।
एसीपी ने बताया कि मौके से पुलिस ने दिल्ली के शास्त्री पार्क थाने में तैनात दिल्ली पुलिस के हैंड कांस्टेबल सोनू, सुरेन्द्र बैसला, अनिल कुमार, हेमंत भाटी, आनंद और आकाश भाटी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में थाना शालीमार गार्डन पुलिस ने खुद मुकदमा दर्ज कर मजरुब आनन्द और सुरेन्द्र का मेडिकल कराया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। गौरतलब हो कि आकाश भाटी पूर्व भाजपा पार्षद के बेटे है। वहीं क्रिस्टल कैफे संचालक पंकज फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहा है।















