-नववर्ष को लेकर आबकारी विभाग अलर्ट, आबकारी अधिकारी ने बार, रेस्टोरेंट में मारा छापा
-शराब माफिया के साथ विक्रेताओं के भी संगठित गिरोह के तोड़ने के लिए बदली कार्यवाही की रणनीति
-क्रिसमस व नववर्ष के जश्न में खलल डालने वालों पर रहेगी आबकारी टीम की नजर
उदय भूमि
गाजियाबाद। क्रिसमस और नववर्ष की पार्टी को कुछ दिन शेष रह गए है। जश्न में शराब की खपत के लिए तस्कर भी सक्रिय हो गए हैं। आबकारी विभाग भी तस्करी पर काबू पाने के लिए पूरी शिद्दत से जुटा हुआ है। क्रिसमस व नववर्ष पर जिले में भारी मात्रा में हरियाणा, दिल्ली समेत अन्य प्रदेशों की शराब की खपत होने की संभावना रहती है। आबकारी विभाग ने शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए अपनी योजना पर काम करना शुरू कर दिया है। हर साल त्योहारों के रंग में भंग डालने के लिए शराब माफिया काफी सक्रिय हो जाते हैं। जनपद में शराब माफिया के खिलाफ जिला आबकारी विभाग की स्पेशल टीम ने पूरी ताकत से मोर्चा संभाल रखा है। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय तस्करों में इस टीम का खौफ निरंतर बढ़ रहा है। दिल्ली से सटा गाजियाबाद जनपद शराब माफिया को काफी मुफीद नजर आता है। इसके चलते वह चोरी-चुपके अपना अवैध कारोबार करते रहे हैं, मगर जिला आबकारी विभाग ने शराब माफिया के गठजोड़ को तोड़ने की दिशा में हर संभव कदम उठाए हैं। जिसकी कमान खुद जिले के आबकारी अधिकारी संजय कुमार सिंह ने संभाली हुई है। शराब तस्कर और बिना लाइसेंस के शराब की पार्टी करने वाले आयोजकों के संगठित नेटवर्क को तोडऩे के लिए आबकारी अधिकारी खुद सड़कों पर उतर गए है।
सरकारी कामकाज के बीच में आबकारी अधिकारी कब किस दुकानों का निरीक्षण या फिर रेस्टोरेंट व बार पर छापा मारने पहुंच जाए, इसका पता संबंधित क्षेत्रीय इंस्पेक्टरों को भी नहीं होता है। अगर गलती से भी कहीं कार्रवाई में लापरवाही मिल गई तो इंस्पेक्टर की क्लास लगाने के साथ विक्रेता और रेस्टोरेंट व बार संचालकों पर भी कार्रवाई तय है। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी अधिकारी की बदली रणनीति ने शराब माफिया में हड़कंप मचा रखा है। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभाग की प्रभावी कार्रवाई का असर भी दिखाई दे रहा है। क्रिसमस व नववर्ष पर शराब की अत्यधिक खपत के कारण शराब तस्कर सक्रिय हो गए हैं। तस्करों ने नववर्ष पर होने वाली खपत की पूर्ति करने के लिए काफी पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। मगर आबकारी विभाग की सक्रियता को देखते हुए शराब माफिया गाजियाबाद में अब अवैध शराब का कारोबार करना तस्करों के लिए खतरों से खाली नहीं है। जिसके लिए शराब माफिया अब गाजियाबाद की जगह अन्य जिलों में शराब तस्करी करना ज्यादा मुनासिब समझ रहे है। जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण एवं तस्करी के रूप में संवेदनशील क्षेत्रों में यह टीम निरंतर छापामार कार्रवाई कर रही है।
इसके अलावा मुख्य मार्गों पर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की संघन जांच की जा रही है। दिन हो या रात बस एक मिशन पर टारगेट कर शराब माफिया का सफाया करने में जुट गई है। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ टीम द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को आबकारी निरीक्षक मनोज शर्मा, अखिलेश बिहारी वर्मा, डॉ. राकेश त्रिपाठी, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य, अखिलेश कुमार, अनुज वर्मा और अभय दीप सिंह की संयुक्त टीम द्वारा लगातार चेकिंग एवं शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आगामी दिनों में क्रिसमस और नववर्ष का पर्व है। दोनो पर्व पर होने वाली शराब पार्टी के लिए सभी रेस्टोरेंट, बार, होटल व बैंक्वेट हॉल संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए है कि बिना लाइसेंस के शराब पार्टी का आयोजन बिल्कुल भी न करें। विभाग से लाइसेंस लेने के उपरांत ही शराब पार्टी के आयोजन की अनुमति दी जाएगी। अगर कहीं भी बिना लाइसेंस के शराब पार्टी का आयोजन पाया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। शनिवार को टीम के साथ हैबिटेट सेंटर एंव एंजेल मॉल स्थित द मोनार्क, फ्लाइंग डचमैन, इम्फरफेक्टो, एलिबि, गोला सिजलर, ड्रंकन डिटेक्टिव, मोकिंग बर्ड एंव चिलम लाउंज बार अनुज्ञापनों की चेकिंग की गई।
सभी बार अनुज्ञापनों के संचालकों को उनके परिसर में अन्य प्रांत की शराब पाये जाने की स्थिति में नियमानुसार सख्त कार्यवाही किए जाने की सख्त चेतावनी दी गई। विभाग से लाइसेंस लेने के उपरांत नियमानुसार ही शराब पार्टी का आयोजन होगा। तय समय के बाद पार्टी का आयोजन पाए जाने पर भी कार्रवाई होगी। जनपद की आबकारी टीम द्वारा फुटकर आबकारी दुकानों एंव मॉडल शॉप का भी निरीक्षण भी किया गया। दुकानों पर गोपनीय रूप से टेस्ट परचेज कराया गया। विक्रेताओं को नियमानुसार दुकानों को संचालित करने एंव शत प्रतिशत बिक्री पॉश मशीन से करने के लिए निर्देशित किया गया। विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए है कि ग्राहकों से ओवर रेटिंग बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं होगी। इसके लिए सभी विक्रेता शराब पर अंकित मूल्यों से अधिक वसूली न करें। नहीं तो जेल भेजने के साथ-साथ विभाग के पोर्टल पर ब्लैक लिस्ट की कार्रवाई होगी।
डासना-दुहाई चेक पोस्ट पर बढ़ा पहरा
हरियाणा व दिल्ली से गाजियाबाद में होने वाली शराब तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर तंत्र के साथ अपना भी पहरा बढ़ा दिया है। दिल्ली से गाजियाबाद आने वाले मार्ग सीमापुरी बोर्डर, भौपुरा, जवाहर नगर, अंकुर विहार, न्यू लक्ष्मी गार्डन, यूपी गेट और आनंद विहार के साथ-साथ डासना व दुहाई चेक पोस्ट पर आबकारी विभाग की टीम के साथ प्रवर्तन मेरठ की टीमें भी शराब माफिया को जिले से खदेड़ने में जुट गई है। जो तीन शिफ्टों में दिन-रात वाहनों की चेकिंग कर रही है। बिना चेक किए किसी भी वाहन को जिले में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। इसके साथ ही ट्रेन व बस में सफर के दौरान तस्करी करने वालों की निगरानी के लिए जीआरपी टीम के साथ बस चालक व परिचालक का भी सहयोग लिया जा रहा है।



















