युवाओं में नशे पर रोक के लिए बड़े प्रयास की जरूरत: अमित कुमार

-युवा पीढ़ी को नशे से रखने के लिए स्कूल, कॉलेजों में चलाए जागरूकता अभियान
-अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मासिक जिला स्तरीय नारको कोर्डिनेशन की बैठक
-आबकारी अधिकारी ने एक माह में हुई कार्रवाई और जागरूकता मुहिम का रिपोर्ट कार्ड किया प्रस्तुत

उदय भूमि
लखनऊ। नशा एक सामाजिक बुराई है और इससे समग्रता से निपटने की जरूरत है। नशे की समस्या से निपटने के लिए सरकार प्रयास कर रही है लेकिन इसके निवारण के लिए समाज के हर अंग के योगदान की आवश्यकता हैं। नशा एक मानसिक, सामाजिक और चिकित्सकीय समस्या है और इसके इलाज के लिए व्यक्ति, परिवार, दोस्त, समाज, सरकार और कानून को साथ मिलकर एक दिशा में काम करना पड़ेगा। सरकार नशा मुक्ति के लिए हरकदम उठा रही है और इस दिशा में माता पिता और समाज के साथ ही सोशल मीडिया से भी इस दिशा में ठोस पहल करने की आवश्यकता है। सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम है, इसके जरिए इस बुराई से निपटने में आसानी होगी। नशे की जकड़ में आए युवा खुद को ही नहीं बल्कि अपने पूरे परिवार को तबाह करते हैं। युवा पीढ़ी को नशे के दलदल से बाहर आना चाहिए और इसकी चिंता पूरे समाज को करनी होगी। यह बातें शनिवार को मासिक जिला स्तरीय नारको कोर्डिनेशन की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी (पूर्वी) अमित कुमार ने कहीं।

उन्होंने कहा युवाओं को सोचना होगा कि जिस बुराई को वो खरीद रहे हैं, कहीं उसका पैसा उनके स्वास्थ्य के साथ ही पूरे देश और समाज को भी तबाह तो नहीं कर रहा है। नशा रोकने में मां बाप को अहम भूमिका निभानी होगी। परिवार ही बच्चे की पहली पाठशाला है इसलिए हर माता पिता का पहला कर्तव्य है कि बच्चों को ड्रग्स की चपेट में आने से बचाने के लिए खुद पहल करें। साथ ही इस मुहिम में सभी विभागीय अधिकारी भी युद्ध स्तर पर जागरुकता अभियान के साथ स्कूल, कॉलेजों के आसपास खुली पान-बीड़ी दुकानों को बंद कराने के साथ अभियान चलाकर कार्रवाई करें। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरुकता अभियान में तेजी लाए। स्कूल, कॉलेज में वर्कशॉप और अन्य माध्यम से प्रचार-प्रसार के कार्यों में तेजी लाई जाए। बैठक में उप आबकारी आयुक्त/प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नीरज वर्मा, आबकारी निरीक्षक राहुल सिंह, लक्ष्मी शंकर वाजपेई, कृष्ण कुमार सिंह, कौशलेन्द्र रावत, अरविंद बघेल, अखिल कुमार, पुलिस विभाग, एनसीबी, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, खाद्य सुरक्षा विभाग, औषधि विभाग, जिला क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो, शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा गत माह में किए गए कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया और प्रगति की समीक्षा की गई। नारकोटिक्स ब्यूरो प्रतिनिधि द्वारा अवगत कि गृह मंत्रालय द्वारा शिकायती पोर्टल मानस शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संचालित किया जा रहा है। औषधि निरीक्षक द्वारा अवगत कराया कि विभाग द्वारा थाना नगराम और ठाकुरगंज क्षेत्र में अवैध नशीली दवाओं के विक्रेताओं के खिलाफ कार्यवाही की गई है। सीएमएस स्कूल की प्राचार्य द्वारा उनकी संस्था के स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाए जाने के लिए सहमति दी गई। उप आबकारी आयुक्त/प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नीरज वर्मा ने अपर जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

साथ ही सभी विक्रेताओं को भी सख्त निर्देश दिए गए है कि दुकानों पर शराब की खरीदारी करने वाले आने वाले किसी भी नाबालिग को शराब न बेची जाए। दुकानों पर भी स्पष्ट रुप से पप्मलेट चस्पा कर दिया गया है। आगामी दिनों में नववर्ष का पर्व है। नववर्ष पर अवैध शराब और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई और चेकिंग कर रही है। साथ ही स्कूल व कॉलेजों में भी अभियान चलाकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। अध्यक्ष द्वारा समस्त विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर नशीले पदार्थों से संबंधित अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्यवाही करने का निर्देश दिया।