गाजियाबाद। तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में पीड़ित अपनी-अपनी शिकायतें एवं समस्याएं लेकर आते है। मगर संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों के ज्यादा आने के बाद अधिकारी मौके पर निस्तारण कम शिकायतों का ही कर पाते है। शनिवार को जनपद की तीनों तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पीडि़त लोगों की 112 शिकायतें दर्ज की गई। मगर इनमें से सिर्फ 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह के निर्देशन में जनपद की तीनों तहसील सदर गाजियाबाद,लोनी और मोदीनगर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मोदीनगर तहसील में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ।
इस दौरान जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह,तहसीलदार,नायब तहसीलदार आदि उपस्थित रहे। सीडीओ के समक्ष 53 शिकायतें आई। इनमें से मौके पर सिर्फ 4 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया गया। लोनी तहसील में एसडीएम राजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 35 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से मौके पर सिर्फ 2 शिकायतों का ही निस्तारण किया गया।
सदर तहसील गाजियाबाद में एसडीएम सदर अरुण दीक्षित की अध्यक्षता एवं तहसीलदार रवि कुमार सिंह आदि अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 24 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से मौके पर सिर्फ 4 शिकायतों का ही निस्तारण किया गया। कुल मिलाकर जनपद की तीनों तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 112 शिकायतें प्राप्त हुई है। इनमें से 10 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया गया। अन्य शिकायतों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को निस्तारण करने के लिए निर्देश दिए गए।

















