शराब तस्करों के साथ बार, रेस्टोरेंट संचालकों पर नकेल कसने के लिए खुद जांच करने पहुंचे आबकारी अधिकारी

-गार्डन गैलेरिया में आबकारी अधिकारी ने टीम के साथ बार, रेस्टोरेंट में मारा छापा
-अन्य प्रांत की शराब मिलने और बिना लाइसेंस के शराब पिलाने पर कार्रवाई की दी चेतावनी
-शराब विक्रेता पर निगहबानी के लिए आबकारी अधिकारी ने तैयार की रणनीति

उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जनपद गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी विभाग की टीम दिन रात अवैध शराब की तलाश में छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। प्रचंड गर्मी हो या फिर कड़कड़ाती ठंड, इस सबको भूलकर हर दिन नई रणनीति के तहत शराब तस्करों के नेटवर्क को तोडऩे खुद के नेटवर्क का विस्तार कर रही है। आबकारी विभाग के इस नेटवर्क की डोर खुद आबकारी अधिकारी संभाले हुए है। शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग का यह नेटवर्क शराब तस्कर ही नहीं बल्कि बिना लाइसेंस के शराब पार्टी का आयोजन करने वालों के खिलाफ भी काम कर रहा है। जिससे कि बिना लाइसेंस के शराब पार्टी करने वालों को सलाखों के पीछे भेजा जा सकेंं। दरअसल जिले में कई ऐसे रेस्टोरेंट एवं बार है जो कि आबकारी विभाग से इक्का-दुक्का लाइसेंस लेने के बाद बीच में बिना लाइसेंस के शराब पार्टी का आयोजन करते है। जिसका पूर्व में आबकारी अधिकारी खुद भंडाफोड़ कर चुके है। हालांकि अभी तक आबकारी अधिकारी सिर्फ चेतावनी देकर ही संचालकों को हिदायत दे रहे थे। लेकिन अब उनकी चेतावनी को हल्का समझने की भूल करने वालों पर कार्रवाई करने की तैयारी तेज हो गई है। जिसकी मॉनिटिरिंग खुद अब आबकारी अधिकारी कर रहे है।

इसके लिए खुद आबकारी अधिकारी सड़कों पर चेकिंग के साथ शराब की दुकान और रेस्टोरेंट बार की चेकिंग कर रहे है। भले ही अब त्योहार और चुनावी सीजन खत्म हो चुका है। मगर आबकारी विभाग की टीम अपनी कार्रवाई में बिल्कुल भी ढिलाई बरतने को तैयार नहीं है। क्योंकि आबकारी विभाग की टीमें इस बात से बिल्कुल परिचित है कि उनकी हल्की सी ढील शराब तस्करों के लिए अवसर बन सकती है। जिले के साथ बाहरी राज्यों में शराब तस्करी के लिए शराब माफिया भी मौके की तलाश में गिद्ध की निगाह लेकर बैठे हुए है। वहीं कुछ दिनों बाद दिल्ली में विधानसभा का चुनाव होने वाला है। जिसे लेकर आबकारी अधिकारी ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है। जनपद गौतमबुद्ध नगर दिल्ली और हरियाणा से सटा हुआ है। भले ही यूपी की शराब तस्करी दिल्ली में न हो, मगर शराब तस्करी की आशंका के बीच आबकारी विभाग की टीम ने बॉर्डर और चेक पोस्ट पर अपनी निगरानी तेज कर दी है। जिसके लिए दिल्ली से आने और जाने वाले सभी वाहनों की गहनता से चेकिंग की जा रही है।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब के निर्माण और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमे छापेमारी और चेकिंग कर रही है। साथ ही बाहरी राज्यों की शराब तस्करी रोकने के लिए भी 24 घंटे राजमार्ग और राष्ट्रीय मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है। शुक्रवार को आबकारी निरीक्षक गौरव चन्द, आशीष पाण्डेय, डॉ. शिखा ठाकुर, अभिनव शाही, चन्द्रशेखर सिंह, नामवर सिंह और रवि जायसवाल की टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग और शराब तस्करों के ठिकानों पर ठापेमारी की कार्रवाई की गई। इसके अलावा आबकारी निरीक्षकों के साथ गार्डन गैलेरिया स्थित बार रेस्टोरेंट डी मोरे, ड्यूटी फ्री, टाइम मशीन, रूबरू आदि का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी रेस्टोरेंट, बार संचालकों को उनके परिसर में अन्य प्रांत की शराब पाये जाने एंव बिना लाइसेंस के शराब पिलाए जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई। साथ ही रेस्टोरेंट एवं बार में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त, परिसर में कैमरा नियमित रुप से सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। जहां जो कमियां मिल रही है उसे तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिए है।

चेताया कि कहीं भी किसी तरह की लापरवाही व मनमानी मिली तो कार्रवाई होना तय है। साथ ही जनपद की देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर की फुटकर दुकानों एवं मॉडल शॉप पर गोपनीय रूप से टेस्ट परचेज भी कराया गया। जांच में लगभग सभी दुकान स्टॉक और रजिस्टर के हिसाब से सही मिली। निरीक्षकों के द्वारा बार कोड से शराब की बोतल की गुणवत्ता चेक की गई। निरीक्षण के समय कोई अनियमितता नहीं पायी गयी। निरीक्षण के दौरान शराब दुकानों के संचालकों को नियमानुसार बिक्री करने के निर्देश दिए।

गौरतलब हो कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह जड़ से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने शराब तस्करों के संबंधित ठिकानों पर दबिश एवं हाईवे पर संचालित ढाबों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा बाहरी राज्यों से शराब लाने वालों पर नजर बनाए हुए है। जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि जनपद को शराब तस्करों के कब्जे से मुक्त रखने की मुहिम निरंतर चलाई जा रही है। इसमें कामयाबी भी मिल रही है। सभी आबकारी निरीक्षक गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। आबकारी निरीक्षकों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं ताकि शराब तस्करों की बदली रणनीति को नाकाम किया जा सके।