-जिलाधिकारी रात में 9 बजे फिर निरीक्षण करने के लिए सभागार में पहुंचे
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत लोन पास न करने पर गुरुवार को जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने सभी बैंकर्स को विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में बंदी बना लिया। गुरूवार शाम को सभागार में हुई बैठक के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि बैंक जब तक लोन के आवेदन पास नहीं करेंगे, तब तक यहीं रहना होगा। विकास भवन सभागार में बाहर से ताला लगाकर अंदर उनके खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई है। देर रात तक अगर सभी आवेदन नहीं हुए तो उनके सोने की भी व्यवस्था वहीं कराई जाएगी। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि बैंकर्स के पास 403 आवेदन भेजे गए थे।
जिसमें से 365 आवेदन फॉरवर्ड भी हो गए, लेकिन महज 50 आवेदन इन्होंने पास किए। जिलाधिकारी के ताला लगाने के बाद तत्काल 11 आवेदन बैंकर्स ने पास भी कर दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी को कमरे में बंद कर उनके खाने-पीने की व्यवस्था कराई है। उन्होंने सभी को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि वह रात में 9 बजे तक एक बार फिर निरीक्षण करने आएंगे उस समय तक अगर लोन पास हो गए तो वह घर जा सकेंगे, अन्यथा तो रात में सोने की भी व्यवस्था कराई जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, जीएमडीआईसी श्रीनाथ पासवान सहित अन्य अधिकारी व बैकर्स उपस्थित रहे।
















