सीएचसी के लिए 22 किसानों का ई-लॉटरी से किया गया चयन

आज का आधुनिक युग मशीनीकरण का युग: अभिनव गोपाल

गाजियाबाद। किसानों को कृषि उपकरण दिए जाने के चलते शुक्रवार को विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में ई-लॉटरी का आयोजन किया गया। ई-लॉटरी के समय राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन(दलहन),राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (तिलहन)तथा सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन के अंतर्गत यंत्रों की विकास खंडवार ई-लॉटरी के माध्यम से किसानों का चयन किया गया। सीएचसी ग्रामीण उद्यमी की ई-लॉटरी में 22 किसानों का चयन किया गया। इसी क्रम में 20 रोटावेटर के लिए 2 किसानों का चयन,कल्टीवेटर के लिए 5 किसानों, सुपर सीडर के लिए 5 पंजीकृत किसानों के सापेक्ष 4 किसानों का चयन तथा ट्रैक्टर माउन्टेड क्रॉप रीपर के लिए 2 किसानों के सापेक्ष 1 किसान का चयन किया गया। सभी विकास खंडों के ग्राम पंचायतों से लगभग 55 किसान तथा ई-लॉटरी के लिए गठित समिति के सदस्य उपस्थित हुए।

समिति के समक्ष किसानों का पारदर्शी तरीके से किसानों के यंत्रों का चयन किया गया। जिन किसानों का चयन ई-लॉटरी से किया गया। उन्हें बैठक में बधाई दी गई। इस दौरान उप कृषि निदेशक रामजतन मिश्रा,जिला उद्यान अधिकारी निधि सिंह,जिला कृषि अधिकारी विकास कुमार, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता गुफरान एवं प्रगतिशील किसान सन्नी, एफपीओ सदस्य, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी के सहायक जिला सूचना अधिकारी आदि उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने निर्देशित किया कि आज का आधुनिक युग मशीनीकरण का युग हैं। उन्होंने कहा कि उपस्थित किसानों को कृषि यंत्रों के प्रयोग पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।