केडब्ल्यू दिल्ली 6 मॉल पहुंची निगम की टीम, 216 दुकानों का हाउस टैक्स बकाया

-बकाया जमा नहीं करने पर सीलिंग की कार्रवाई करने के दिए निर्देश

गाजियाबाद। संपत्ति कर न चुकाने पर नगर निगम सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। ऐसे लोग बकाया जमा नहीं किया है, उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही चेतावनी भी दी जा रही है नोटिस मिलने के बाद भी बकाया जमा नहीं करने पर सील की भी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम लगातार हाउस टैक्स वसूली को बढ़ाने में जुटा हुआ है। इसी क्रम में जोनल प्रभारी सिटी जोन महेंद्र द्वारा गुरुवार को राज नगर एक्सटेंशन पहुंचकर बड़े बकाएदारों पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी गई। जिसमें केडब्ल्यू दिल्ली 6 मॉल को भी बकाया जमा ना होने पर चेतावनी दी गई। मॉल में करीब 467 दुकाने हैं। जिसमें से 251 का हाउस टैक्स जमा हो चुका है 216 दुकानों पर लगभग 50 लाख का बकाया है। जिसको दो दिन के भीतर जमा करने के लिए संबंधित दुकानदारों को चेतावनी दी गई।

बकाया जमा न करने की दशा में सीलिंग की कार्यवाही की जाएगी। राजनगर एक्सटेंशन में स्थित जीएनबी मॉल पर भी सिटी जोन की टीम द्वारा हाउस टैक्स वसूली के लिए दो दिन के भीतर कर जमा करने के लिए कहा गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में लगातार हाउस टैक्स वसूली को रफ्तार दी जा रही है। सिटी जोन के साथ-साथ अन्य जोन में भी हाउस टैक्स वसूली के लिए टीम सहित बड़े-बड़े प्रतिष्ठानों में पहुंच रहे हैं। बड़े करदाताओं को अपना हाउस टैक्स जमा करने की अपील भी नगर निगम कर रहा है। नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार सभी जोनल प्रभारी टीम के साथ मिलकर कड़ी कार्यवाही कर रहे हैं।