गाजियाबाद। मोदीनगर के सीकरी खुर्द में अनाधिकृत रूप से काटी जा रही लगभग 40 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में 3 अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन की टीम ने ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की सख्ती के चलते जीडीए टीम अनाधिकृत कॉलोनियों व अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की गुरूवार को बड़ी कार्रवाई की है। गुरूवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता सचिन अग्रवाल,सुनील कुमार,जीडीए पुलिस और मोदीनगर थाना पुलिस की मौजूदगी में तीनों अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी लवकेश कुमार ने बताया कि टीम सबसे पहले मोदीनगर क्षेत्र के ग्राम सीकरी खुर्द पहुंची।
यहां पर खसरा संख्या- 835 पर करीब 10 हजार वर्गमीटर जमीन में काटी जा रही अवैध कॉलोनी को तोड़ा गया। इसके पास ही खसरा संख्या-844,845 व 846 में करीब 20 हजार वर्गमीटर भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इन दोनों अवैध कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर भूखंडों की बाउंड्रीवाल,सड़क,साईट ऑफिस व मकान को ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा यहां निर्माणाधीन दुकानों को भी ध्वस्त किया गया। यहां लगे बिजली खंभे भी तोड़ दिए। साथ ही सड़कों को भी खोदा गया। इसके बाद टीम मोदीनगर के कछलीना मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने पहुंची।
यहां पर 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में काटी जा रही अवैध कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर भूखंडों की बाउंड्रीवाल,सड़क,बिजली खंभे व कॉलोनाइजर का साईट ऑफिस को ध्वस्त किया गया। इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ता ने जमकर विरोध किया। मगर पुलिस बल ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। मौके पर यह भी निर्देश दिए गए कि किसी भी अवैध कॉलोनी में भूखंड क्रय-विक्रय न करें। अवैध कॉलोनी में जीडीए की ओर से आगे भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी।
















