शर्त के साथ पीछे हटने को राजी यूएस राष्ट्रपति
वॉशिंगटन। अमेरिका में सियासी संकट समाप्त होने की उम्मीद बढ़ गई है। चुनाव में धांधली होने का निरंतर आरोप लगा रहे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब व्हाइट हाउस छोड़ने को तैयार हो गए हैं। इसके संकेत उन्होंने दे दिए हैं। हालांकि चुनावी धांधली के खिलाफ वह अपना संघर्ष जारी रखेंगे। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव को 3 सप्ताह का समय गुजर गया है। डोनाल्ड ट्रंप को मात देकर जो बाइडेन नए राष्ट्रपति बन गए हैं। वह अगले साल जनवरी में अपना पद संभालेंगे। इस बीच मौजूदा राष्ट्रपति ट्रंप निरंतर चुनावों में धांधली होने का आरोप लगा रहे हैं। ट्रंप ने व्हाइट हाउस छोड़ने के संकेत भी दे दिए हैं। थैंक्सगिविंग हॉलिडे पर पत्रकारों से बातचीत में डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि वह व्हाइट हाउस छोड़ने को तैयार हैं, मगर उन्होंने इसके लिए शर्त भी रखी है। ट्रंप ने कहा कि यदि इलेक्टोरल कॉलेज के जरिए औपचारिक रूप से जो बाइडन विजेता घोषित हो जाते हैं, तो वह व्हाइट हाउस से चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह मानना उनके लिए मुश्किल होगा, क्योंकि हम जानते हैं कि वहां बड़े स्तर पर धोखाधड़ी हुई थी। इलेक्शन-डे के बाद पहली बार ट्रंप ने पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने अदालतों में चुनाव में धांधली के आरोपों को लेकर मुकदमें भी दाखिल कराए हैं। हालांकि उन्हें कानूनी मोर्चे पर कोई खास कामयाबी मिलती नहीं दिख रही है। पेंसिल्वेनिया में संघ न्यायाधीश ने ट्रंप का मुकदमा खारिज कर दिया था। अमेरिका में एक उम्मीदवार राष्ट्रपति तब बनता है, जब उसके खाते में सबसे ज्यादा इलेक्टोरल वोट होते हैं। अमेरिका में नेशनल पॉपुलर वोट के मुकाबले इलेक्टोरल वोट को महत्व दिया जाता है। बाइडन ने 306 इलेक्टोरल मतों के साथ चुनाव जीता था। इसके अलावा उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप पर 60 लाख से ज्यादा पॉपुलर वोट से लीड बनाई थी। ट्रंप के ताजा रूख से देश में सियासी विवाद नरम पडऩे के आसार नजर आ गए हैं।















