क्रॉसिंग में कब्जामुक्त भूमि पर बनेंगे बैंक्वेट हॉल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स: महापौर

उदय भूमि
गाजियाबाद। नगर निगम की टीम द्वारा हाल ही में क्रॉसिंग रिपब्लिक डूंडाहेड़ा में कब्जा मुक्त कराई गई 40 हजार वर्गमीटर जमीन पर बैंक्वेट हॉल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और दुकानों के अलावा व्यवसायिक भवन बनाए जाएंगे। बुधवार को महापौर सुनीता दयाल ने नगर निगम की संपत्ति प्रभारी पल्लवी सिंह, संपत्ति अधीक्षक रामशंकर वर्मा, लेखपाल आदि की मौजूदगी में मौके पर जमीन का निरीक्षण किया। महापौर ने अधिकारियों के साथ जमीन का निरीक्षण करते हुए कहा कि कब्जा मुक्त कराई गई भूमि पर बैंक्वेट हॉल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, दुकानें और व्यावसायिक भवन बनाया जाएगा। महापौर ने निरीक्षण के दौरान देखा कि क्रॉसिंग रिपब्लिक से वाटर ट्रीटमेेंट प्लांट मुख्य रोड पर नगर निगम द्वारा आय के स्रेात बनाए जा सकते हैं। इस पर कार्य करने के लिए अधिकारियों से वार्ता की गई।

महापौर ने बताया कि स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स, व्यवसायिक भवन और दुकानें आदि बनाने की तैयारी की जा रही है। किसी भी प्रकार के भवन बनाए जाने से नगर निगम की आय बढ़ेगी। इसके साथ ही निगम की जमीन भी सुरक्षित रहेगी। महापौर ने बताया कि पूर्व में कैला भट्टा और नूरनगर में कब्जा मुक्त कराई गई जमीन पर भी दुकानें बनाई जाएंगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि अभी भी 10 हजार वर्गमीटर जमीन पर कब्जा है। वहां पर चार्जिंग स्टेशन बना लिया है। टीनशेड डालकर कब्जा कर रखा है।

लोग पशु पालन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जमीन को जल्द खाली कराया जाएगा। निगम की जमीन कब्जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने बताया कि आगे से नगर निगम द्वारा किसी भी स्थान पर भूमि खाली कराई जाएगी, तो उसे ऐसे ही खाली नहीं छोड़ा जाएगा। उस पर कोई योजना बनाई जाएगी या उसकी बाउंड्रीवाल कराई जाएगी। ताकि नगर निगम की भूमि भी सुरक्षित रहे और शहर में नगर निगम की भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ  भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।