विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: अतुल वत्स

-जीडीए उपाध्यक्ष ने विकास कार्यों, लंबित प्रकरणों को लेकर की समीक्षा बैठक

उदय भूमि
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा शहर में कराए जा रहे विकास कार्यों में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को जीडीए सभागार में जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए विकास कार्यों और विभिन्न लंबित प्रकरणों को लेकर गहन चर्चा की। उन्होंने विकास कार्यों में अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों को लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण करने और हरनंदीपुरम योजना में भूमि खरीदने की प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जोनल प्लान की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं पर तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए। जीडीए उपाध्यक्ष ने सबसे पहले मानचित्रों की अनापत्ति (एनओसी) की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

जीडीए उपाध्यक्ष ने निर्देश दिया कि लंबित अनापत्तियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र जारी किया जाए। जिससे योजनाओं को गति मिले। इस प्रक्रिया को सरल और डिजिटल माध्यमों से अधिक पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया। इसके बाद भू-अर्जन अनुभाग द्वारा मानचित्रों के स्वामित्व परीक्षण संबंधी कार्रवाई पर ड्राफ्ट का प्रारूप प्रस्तुत किया गया। इस प्रारूप को और अधिक प्रभावी बनाने और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधारों पर विस्तार से चर्चा की गई।

भू-अर्जन पुनर्वासन व व्यवस्थापन प्राधिकार (लारा) कोर्ट में लंबित वादों की समीक्षा करते हुए सभी वादों को योजनावार और ग्रामवार सूचीबद्ध किया गया। उन्होंने रेफरेंस वाद और इजराय वाद को अलग-अलग वगीकृत कर निस्तारण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। इसके अलावा जीडीए के जोन-1 राजनगर एक्सटेंशन के जोनल प्लान में आपसी सहमति से भूमि क्रय के प्रस्तावों पर गहन विचार-विमर्श किया। इसमें दो प्रमुख पहलुओं पर चर्चा हुई। इनमें पहले से दर निर्धारित गांवों में भूमि क्रय प्रक्रिया में आ रही चुनौतियों का समाधान और पहली बार दर निर्धारित करने वाले गांवों के लिए ठोस और व्यावहारिक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा हम-तुम रोड और आउटर रिंग रोड जैसी प्रमुख सड़को पर विशेष ध्यान दिया गया।

जीडीए उपाध्यक्ष ने बैठक में कहा कि हम-तुम रोड के क्षेत्र में भूमि क्रय करने और भू-अधिग्रहण से संबंधित वादों का शीघ्र निस्तारण आवश्यक है, ताकि ट्रैफिक और कनेक्टिविटी की गुणवत्ता में सुधार किया जा सके, इसके साथ ही जनता को ट्रैफिक की परेशानियों से निजात दिलाया जा सके। इसके लिए टोटल स्टेशन सर्वे कराया जा रहा है। इसी प्रकार आउटर रिंग रोड से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा इंटीग्रेटेड टाउनशिप और हाइटेक  सिटी टाउनशिप परियोजनाओं से संबंधित लंबित भूमि अधिग्रहण प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।

जीडीए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन मामलों को शीघ्रता से निपटाया जाए, ताकि परियोजनाएं समय पर पूरी हो सकें और लोगों को सुविधाएं मिल सकें। जीडीए उपाध्यक्ष ने बैठक के अंत में सभी अनुभाग के अधिकारियों से कहा कि  विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए, वरना जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी। जनता की सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिकों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना जीडीए की सर्वोच्च प्राथमिकता है।