-जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर शुरू किया गया सीवर लाइन डालने का काम
उदय भूमि
गाजियाबाद। जीडीए की इंद्रप्रस्थ योजना में सीवर की समस्या से जल्द मिल सकेगी। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर इंद्रप्रस्थ योजना में सीवर की समस्या का निस्तारण करने के लिए सीवर लाइन डालने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। योजना में तीन चरणों में सीवर लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इंद्रप्रस्थ योजना 66 हेक्टेयर क्षेत्रफल में है। इस योजना में सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरा होने के बाद सभी पॉकेट्स बी,डी,ई,एच,एफ ब्लॉक को सीवर लाइन से जोड़ा जाएगा। पहले चरण में डीपीएस स्कूल के समीप सीवरेज पंपिंग स्टेशन (एसपीएस) का निर्माण किया गया है। एसपीएस के निर्माण पर 4.50 करोड़ रुपए की लागत आई है।
दूसरे चरण में जल निगम द्वारा विकसित सीवर मेनहोल संख्या-78 तक लगभग 1800 मीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जा रही है। इस चरण की लागत 3.5 करोड़ रुपए निर्धारित की गई है। वर्तमान में 700 मीटर सीवर लाइन का कार्य पूरा हो चुका है, बाकी कार्य अगले दो माह में पूर्ण कर लिया जाएगा। जबकि तीसरे और अंतिम चरण में योजना के सभी पॉकेट्स को सीवर लाइन से जोड़ा जाएगा। जिससे पूरे क्षेत्र में सीवर की समस्या का निस्तारण होने के बाद सुचारू रूप से हो सकेगा।
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देशानुसार जीडीए के प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह ने इंद्रप्रस्थ योजना का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी प्रगति पर संबंधित अधिकारियों को फटकार भी लगाई थी। इसके बाद सीवर लाइन बिछाने के कार्य में तेजी लाई गई। सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरा होने के बाद इंद्रप्रस्थ योजना के सभी निवासियों को सीवर की समस्या से स्थाई रूप से राहत मिल जाएगी। इससे क्षेत्र की स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा।

















