-सड़क होगी मजबूत, यातायात सुगम और पर्यावरण होगा संरक्षित
उदय भूमि
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड (एनपीआर) के सेंट्रल वर्ज पर सतही ड्रेसिंग (सरफेस ड्रेसिंग) का कार्य शुरू किया गया है। यह कार्य जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर किया जा रहा है, ताकि सड़क की संरचना को मजबूत बनाया जा सके, सौंदर्यीकरण में वृद्धि हो और यातायात को सुगम किया जा सके। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स का कहना है कि गाजियाबाद में बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड पर सतही ड्रेसिंग और हरियाली बढ़ाने का कार्य इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे यातायात सुगम होगा, प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी और सड़क की दीर्घकालिक स्थायित्व बढ़ेगी। जीडीए शहरवासियों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। एनपीआर के विकास से गाजियाबाद में शहरीकरण और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। जीडीए की यह पहल शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अगले कुछ महीनों में अन्य प्रमुख सड़कों पर भी इसी तरह के सुधार कार्य किए जाएंगे, जिससे शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर और अधिक मजबूत और सुगम बनेगा।
सड़क होगी मजबूत, मिट्टी का कटाव और जलभराव होगा नियंत्रित
सतही ड्रेसिंग का उद्देश्य न केवल सड़क की स्थायित्व बढ़ाना है, बल्कि सेंट्रल वर्ज पर मिट्टी के कटाव को रोकना भी है, जिससे सड़क लंबे समय तक व्यवस्थित और सुरक्षित बनी रहे। इसके अलावा, इसमें उचित सामग्रियों का उपयोग किया जा रहा है ताकि जलभराव और धूल उडऩे की समस्या को रोका जा सके।
हरियाली और सौंदर्यीकरण को मिलेगा बढ़ावा
पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए जीडीए द्वारा इस क्षेत्र में वृक्षारोपण की भी योजना बनाई गई है। इससे न केवल सड़क का सौंदर्य निखरेगा, बल्कि यह गाजियाबाद में हरित क्षेत्र को भी बढ़ावा देगा।
एनपीआर से बेहतर कनेक्टिविटी और ट्रैफिक का समाधान
नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड गाजियाबाद की एक महत्वपूर्ण सड़क है, जो राज नगर एक्सटेंशन, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-9 को जोड़ती है। इस सड़क के सही रखरखाव से यातायात का दबाव कम होगा, दुर्घटनाओं की संभावना घटेगी और ट्रैफिक का प्रवाह बेहतर होगा।
जीडीए की पहल से शहर के विकास को नई गति
एनपीआर के उन्नयन से न केवल सड़क की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि यह गाजियाबाद के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जीडीए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह के सुधार कार्य कर रहा है, जिससे गाजियाबाद को एक आधुनिक और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
गाजियाबाद के बुनियादी ढांचे को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में जीडीए तेजी से कार्य कर रहा है। नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड पर सतही ड्रेसिंग, हरियाली और सौंदर्यीकरण का यह प्रयास इसी कड़ी का हिस्सा है। इससे सड़क की गुणवत्ता में सुधार होगा, ट्रैफिक सुगम होगा और शहरवासियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। हमारा लक्ष्य गाजियाबाद को एक सुव्यवस्थित, स्वच्छ और अत्याधुनिक शहर बनाना है।
अतुल वत्स
जीडीए उपाध्यक्ष


















