24 मीटर चौड़ी हम तुम रोड के निर्माण की तैयारी तेज, भू-स्वामियों की बैठक संपन्न

-गाजियाबाद के विकास को मिलेगी नई गति, भूमि स्वामियों ने दी सहमति
-हम तुम रोड से मिलेगा बेहतर कनेक्टिविटी और यातायात होगा सुगम

उदय भूमि
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित 24 मीटर चौड़ी हम तुम रोड के निर्माण कार्य को लेकर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। इसको लेकर रविवार को जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देशन में मोरटा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें भू-अर्जन, प्रवर्तन और अभियंत्रण अनुभाग के सहायक अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में 40 से अधिक भूमि स्वामियों ने भाग लिया और इस परियोजना को गाजियाबाद के विकास के लिए बेहद जरूरी बताया। बैठक में शामिल जितेंद्र गोयल, अशोक कुमार त्यागी, विकास त्यागी, पंकज त्यागी, वीरेंद्र कुमार, नितिन गुप्ता, किशन कुमार सहित अन्य भूमि स्वामियों ने हम तुम रोड के निर्माण के लिए अपनी भूमि देने पर सहमति जताई। उन्होंने इस सड़क को शहर के यातायात सुधार और बुनियादी ढांचे के उन्नयन के लिए जरूरी बताया और इसके शीघ्र निर्माण की मांग की।

राजनगर एक्सटेंशन में हम तुम रोड के निर्माण से गाजियाबाद में कनेक्टिविटी को नया आयाम मिलेगा। यह सड़क शहर की प्रमुख सड़कों से जुड़ेगी, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और यात्रियों को सुगम मार्ग मिलेगा। इसके साथ ही, यह परियोजना आसपास के क्षेत्रों में व्यावसायिक और आवासीय विकास को भी गति देगी। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स का कहना है कि गाजियाबाद के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए हम तेजी से कार्य कर रहे हैं। 24 मीटर चौड़ी हम तुम रोड का निर्माण शहरवासियों के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगी। भू-स्वामियों की सहमति हमारे लिए महत्वपूर्ण है और उनकी सभी शंकाओं का समाधान करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। जल्द ही प्रतिपूरक एफएआर से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को स्पष्ट किया जाएगा, ताकि कोई भी भ्रम की स्थिति न रहे। हमारा लक्ष्य शहर को स्मार्ट और विकसित बनाना है, और इस दिशा में यह सड़क एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रतिपूरक एफएआर (कम्पेन्सेटरी एफएआर) पर भूमि स्वामियों की शंकाओं का समाधान जल्द
हालांकि, बैठक में कुछ भूमि स्वामियों ने प्रतिपूरक एफएआर (कम्पेन्सेटरी एफएआर) को लेकर अपनी शंकाएं व्यक्त कीं। उन्होंने जानना चाहा कि एफएआर की प्रक्रिया क्या होगी और क्या इसे बिल्डर्स या अन्य व्यक्तियों को हस्तांतरित किया जा सकता है। इस पर जीडीए अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस विषय में स्पष्ट दिशा-निर्देश तैयार किए जा रहे हैं। इसके तहत, शीघ्र ही जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अध्यक्षता में भूमि स्वामियों की एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें एफएआर से संबंधित सभी प्रश्नों का उत्तर दिया जाएगा और पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया जाएगा।

जीडीए की इस परियोजना से शहर को क्या मिलेगा लाभ:
• राजनगर एक्सटेंशन और गाजियाबाद के अन्य क्षेत्रों के बीच ट्रैफिक की समस्या होगी दूर
• बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से आवासीय और व्यावसायिक विकास को बढ़ावा
• परियोजना से जुड़े भू-स्वामियों को प्रतिपूरक एफएआर का लाभ मिलेगा
• नवीनतम इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग से शहर को मिलेगा आधुनिक स्वरूप

जीडीए के नेतृत्व में गाजियाबाद के विकास को मिलेगी नई दिशा
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को अत्याधुनिक बनाने और यातायात व्यवस्था को सुधारने की दिशा में निरंतर कार्यरत है। हम तुम रोड के निर्माण से गाजियाबाद के यातायात नेटवर्क को नया जीवन मिलेगा और यह क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से एक अहम उपलब्धि होगी। अगले कुछ हफ्तों में इस परियोजना से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा, जिससे निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।