उदय भूमि
गाजियाबाद। राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष माइनॉरिटी सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू ने दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया और प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे केंद्र की हो या प्रदेश की, जब गैर-जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है, तो सरकार को भी शर्मिंदगी उठानी पड़ती है।
शनिवार को दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अचानक बढ़ी भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए अधिकारियों को तुरंत हाईकमान को सूचित करना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जब प्रशासन के पास सभी संसाधन उपलब्ध हैं, तो भीड़ नियंत्रण में लापरवाही क्यों बरती गई? ऐसे हादसों को रोकने के लिए अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी और मानवता को सर्वोपरि रखना चाहिए। सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू ने कहा कि हादसे के बाद मुआवजे की घोषणा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
केवल ट्रांसफर कर देना हल नहीं है, बल्कि ऐसी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे अन्य अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से लें और किसी भी संभावित हादसे को रोकने के लिए सतर्क रहें। उन्होंने मांग की कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारी अगर किसी बड़े हादसे को रोकने में नाकाम रहते हैं, तो उनके खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जो मिसाल बने। उन्होंने परमात्मा से प्रार्थना की कि भविष्य में ऐसी कोई दुखद घटना न हो और प्रशासन अपने कर्तव्यों को समझते हुए मानवता को सर्वोपरि रखे।
















