-नगर आयुक्त ने निगम अधिकारियों के साथ किया निर्माण कार्य का निरीक्षण
-5.29 करोड़ की लागत से बन रहा है आधुनिक जोनल कार्यालय
उदय भूमि
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। इसी क्रम में विजयनगर जोन में नए जोनल कार्यालय का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। शनिवार को नगर आयुक्त ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और निर्माण टीम को फिनिशिंग कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि लगभग 5.29 करोड़ रुपये की लागत से 2964 वर्ग मीटर क्षेत्र में यह अत्याधुनिक जोनल कार्यालय तैयार किया जा रहा है।
इसका निर्माण कार्य मई 2025 तक पूर्ण होने की संभावना है, जिससे विजयनगर क्षेत्रवासियों को निगम से जुड़ी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा विजयनगर जोनल कार्यालय क्षेत्रवासियों के लिए सुविधाजनक और अत्याधुनिक होगा। इसमें नगर निगम की सभी प्रमुख सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है, ताकि मई 2025 तक इसे जनता को समर्पित किया जा सके। इस निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सीएनडीएस (निर्माण एवं डिजाइन सेवाएं) को सौंपी गई है, जबकि लक्षद्वीप इंफ्रास्ट्रक्चर की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया विजयनगर जोनल कार्यालय का निर्माण क्षेत्रवासियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। यह एक आधुनिक और सुव्यवस्थित केंद्र होगा, जहां नागरिकों को नगर निगम से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी। मैंने निर्माण टीम को निर्देश दिया है कि वे कार्य में और तेजी लाएं, ताकि यह परियोजना निर्धारित समय मई 2025 तक पूरी हो सके। सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्किंग, फॉल सीलिंग, लाइटिंग और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि गाजियाबाद के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और सुव्यवस्थित प्रशासन मिले, और हम इसे जल्द से जल्द साकार करेंगे।
विजयनगर जोनल कार्यालय की खास विशेषताएं
• ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर का निर्माण पूरा हो चुका है।
• फॉल सीलिंग, लाइटिंग और अन्य फिनिशिंग कार्य तेजी से चल रहे हैं।
• आगंतुकों के लिए 411 वर्ग मीटर की पार्किंग व्यवस्था।
• नगर निगम के विभिन्न विभागों (प्रकाश, उद्यान, जलकल, निर्माण) के लिए अलग-अलग ऑफिस बनाए गए हैं।
• आधुनिक शौचालयों का निर्माण, नगर आयुक्त के निर्देशानुसार।
विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम
नगर निगम शहर की खूबसूरती बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। विजयनगर जोनल कार्यालय के निर्माण से न केवल नगर निगम के कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि स्थानीय निवासियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बेहतर सुविधा भी मिलेगी। विजय नगर का यह नया जोनल कार्यालय नगर विकास की दिशा में एक और मील का पत्थर साबित होगा।

















