-
अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई, बुलडोजर से धराशायी हुए कॉलोनी ऑफिस और सड़कें
-
जीडीए ने दी चेतावनी- अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से बचें
उदय भूमि
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। मंगलवार को मुरादनगर क्षेत्र के गांव भिक्कनपुर में 71 बीघा भूमि पर बनाई जा रही 5 अवैध कॉलोनियों को जीडीए की प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान कॉलोनाइजरों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल ने लाठी फटकार कर उन्हें खदेड़ दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर अब तक 200 से अधिक अनधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त किया जा चुका है। जीडीए का साफ कहना है कि बगैर स्वीकृति के बनाए जा रहे अवैध निर्माणों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ा जाएगा। मंगलवार को जीडीए की प्रवर्तन टीम ने मुरादनगर क्षेत्र के गांव भिक्कनपुर में 5 अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की। इन कॉलोनियों में किए गए निर्माण को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। खसरा संख्या-614, 615 – 7000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में सड़क पर मिट्टी भराई व चिनाई का काम चल रहा था। खसरा संख्या-471, 472, 473 – 6000 वर्गमीटर भूमि पर भूखंडों की बाउंड्रीवाल और मिट्टी भराई का कार्य किया जा रहा था। खसरा संख्या-475 – 18 बीघा जमीन पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी।
अन्य स्थान- 20-20 बीघा जमीन में साइट ऑफिस, सड़क, कमरे और बिजली के खंभे भी अवैध रूप से लगाए गए थे, जिन्हें ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई में साइट ऑफिस, सड़कों, भूखंडों की बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, मिट्टी भराई और अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता पीयूष सिंह, अवर अभियंता सुनील कुमार, अर्जुन यादव सहित जीडीए पुलिस और मुरादनगर थाना पुलिस मौजूद रही। जब जीडीए टीम ने बुलडोजर चलाना शुरू किया तो अवैध कॉलोनियों के निर्माणकर्ता और कॉलोनाइजरों ने इसका जमकर विरोध किया। लेकिन जीडीए और पुलिस की सख्ती के आगे उनकी एक न चली। पुलिस ने लाठीचार्ज कर सभी को खदेड़ दिया और बिना किसी रुकावट के बुलडोजर चलाकर निर्माण तोड़ दिया गया। जीडीए ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनधिकृत कॉलोनियों में प्लॉट या मकान खरीदने से पहले जीडीए से उसकी वैधता की जांच कर लें। अवैध कॉलोनियों में निवेश करने पर भविष्य में भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। गाजियाबाद में बिना नक्शे के काटी जा रही कॉलोनियों के खिलाफ जीडीए की सख्ती लगातार जारी है। आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई की जाएगी और सभी अवैध निर्माणों को पूरी तरह से नष्ट किया जाएगा।
जीडीए उपाध्यक्ष का सख्त निर्देश- अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर नहीं बचेंगे
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की सीमा में किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। बिना नक्शा स्वीकृति के कॉलोनी काटने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। सभी प्रवर्तन अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अवैध कॉलोनियों को शुरुआती स्तर पर ही ध्वस्त किया जाए ताकि अवैध निर्माण आगे न बढ़ सके।

















