- जलकल विभाग की शिकायतों पर नगर आयुक्त सख्त, अधिकारियों की लगाई क्लास
उदय भूमि
गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को “संभव” जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। इस दौरान कुल 24 संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें से सबसे अधिक शिकायतें जलकल विभाग से संबंधित थीं। नगर आयुक्त ने जलकल विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों की क्लास लगाई और एक सप्ताह के भीतर सभी संदर्भों के निस्तारण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समाधान तय समयसीमा के भीतर किया जाए और इसकी रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी संदर्भ को अनदेखा न किया जाए। नगर निगम द्वारा की जा रही इस कड़ी मॉनिटरिंग और त्वरित समाधान प्रक्रिया से नागरिकों को जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है। यदि यह व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू होती है, तो जलकल, स्वास्थ्य, निर्माण और टैक्स से जुड़ी समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा। नगर आयुक्त ने बताया कि निगम द्वारा जन समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए वरिष्ठ प्रभारियों को मॉनिटरिंग प्रबल करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, “संभव” कार्यक्रम के तहत प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों की समीक्षा हर सप्ताह की जाएगी। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनेंद्र कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, जीएम जलकल केपी आनंद उपस्थित रहे।
जलकल विभाग पर विशेष निर्देश, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जलकल विभाग से सबसे अधिक शिकायतें मिलने पर नगर आयुक्त सख्त नजर आए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जल आपूर्ति और सीवर संबंधित समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता कामाख्या प्रसाद आनंद को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर सभी शिकायतों का समाधान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
शहर के विकास कार्यों पर जनप्रतिनिधियों से चर्चा
इस जनसुनवाई में कई जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और शहर में चल रहे विकास कार्यों पर चर्चा की। नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि गाजियाबाद में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए निगम लगातार प्रयासरत है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा नगर निगम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जलकल विभाग से मिली अधिक शिकायतों पर मैंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। किसी भी समस्या का समाधान लंबित नहीं रहना चाहिए। सभी संदर्भों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हमारी प्राथमिकता शहर को बेहतर सुविधाएं देना और नागरिकों को राहत पहुंचाना है।
















