राजनगर एक्सटेंशन में 18 व 24 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण का रास्ता साफ

  • बंधा रोड से नूरनगर को जोड़ने वाली सड़क पर जल्द शुरू होगा काम
  • जीडीए उपाध्यक्ष की प्राथमिकता में प्रोजेक्ट, स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों ने किया चिन्हीकरण

उदय भूमि
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में बंधा रोड से नूरनगर को जोडऩे वाली नई सड़क निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने इसे प्राथमिकता वाले प्रोजेक्ट्स में शामिल किया है। मंगलवार को जीडीए की संयुक्त टीम ने स्थल निरीक्षण कर सड़क निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए। किसानों की मांग को देखते हुए राजनगर एक्सटेंशन में 18 मीटर और 24 मीटर चौड़ी सड़क के लिए पिलरिंग कर चिन्हीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस प्रक्रिया से यह स्पष्ट होगा कि किन क्षेत्रों में किसानों से आपसी सहमति के आधार पर भूमि खरीदी जानी है। जीडीए की भू-अर्जन और अभियंत्रण अनुभाग की संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान नायब तहसीलदार रवि प्रजापति, अधिशासी अभियंता पीके शर्मा और सहायक अभियंता रुद्रेश शुक्ला मौजूद रहे।

सजरा से मिलान, विवादों से बचने के लिए टोटल स्टेशन सर्वे की मदद
जीडीए ने टोटल स्टेशन सर्वे के आधार पर सजरा से मिलान कार्य शुरू किया है। इस तकनीक से भूमि चिन्हीकरण को सटीक बनाया जाएगा, जिससे भविष्य में किसी भी तरह के विवाद की संभावना को खत्म किया जा सके।

किसानों से आपसी सहमति के आधार पर भूमि खरीदने की योजना

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आपसी सहमति से भूमि क्रय प्रक्रिया को सरल बनाने की योजना बनाई है।
• पिलरिंग कर स्पष्ट भूमि सीमा निर्धारित की जाएगी।
• किसानों को उनकी भूमि की स्थिति की सटीक जानकारी मिलेगी।
• बैनामा प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा, ताकि भूमि क्रय में कोई विवाद न हो।

आय में वृद्धि और यातायात को मिलेगी राहत

यह परियोजना न केवल शहर की विकास योजना में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, बल्कि जीडीए की आय में भी वृद्धि करेगी। साथ ही, स्थानीय निवासियों और किसानों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी।

जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा राजनगर एक्सटेंशन और नूरनगर को जोड़ने वाली इस सड़क का निर्माण हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। पिलरिंग और भूमि चिन्हीकरण के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। यह सड़क क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा प्रदान करेगी।

शहर के विकास में नया कदम

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के इस फैसले से शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और आने वाले वर्षों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा। जीडीए की यह पहल स्थानीय निवासियों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी।