उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद/चंदौसी। क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, चंदौसी ने अपनी 100वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शताब्दी समारोह का भव्य आयोजन किया। यह संस्थान 02 मार्च 1925 को स्थापित हुआ था और रेलवे प्रशिक्षण में 100 वर्षों की उत्कृष्टता का प्रतीक है। समारोह में उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उत्तर रेलवे मुख्यालय, नई दिल्ली से आए वरिष्ठ अधिकारीगण—श्री देवेंद्र कुमार (पीसीओएम), श्री आशीष शर्मा (पीसीएसओ), श्री राजेश कुमार सिंह (सीओएम-जी) और मुरादाबाद मंडल रेल प्रबंधक श्री राजकुमार सिंह सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
गाजियाबाद-चंदौसी रेल सेक्शन का निरीक्षण
समारोह में शामिल होने से पूर्व महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार वर्मा ने गाजियाबाद-चंदौसी रेल सेक्शन का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे पुलों, ट्रैकों, स्टेशनों और रेलवे फाटकों की स्थिति की समीक्षा की। उनके साथ मुरादाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी मौजूद रहे।
जेडआरटीआई चंदौसी: 100 वर्षों की उपलब्धियां और भविष्य की योजनाएं
जेडआरटीआई चंदौसी की स्थापना गोपाल कृष्ण गोखले की पहल पर ब्रिटिश शासन के दौरान हुई थी और इसे पहले “रेलवे स्कूल ऑफ ट्रांसपोर्टेशन” के नाम से जाना जाता था। संस्थान के पहले प्रिंसिपल श्री जी.आर. डैन (1925-1938) थे, जिन्होंने मजबूत रेलवे प्रशिक्षण प्रणाली की नींव रखी। यह संस्थान उत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे के यातायात, वाणिज्यिक और यांत्रिक कर्मचारियों के कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
महत्वपूर्ण उद्घाटन और नवाचार
महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार वर्मा ने इस अवसर पर जेडडीएम3 लोको, एक एंबुलेंस, नवीनीकृत रिपोर्टिंग पॉइंट, नए कंप्यूटर लैब, कंप्यूटर आधारित परीक्षण केंद्र, सौर ऊर्जा संयंत्र, नवीनीकृत मनोरंजन सदन और नए गंगा छात्रावास का उद्घाटन किया।
शिष्टाचार भेंट और जनप्रतिनिधियों की मांगें
समारोह के दौरान चंदौसी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने महाप्रबंधक से भेंट कर क्षेत्र से अन्य शहरों के लिए रेलगाड़ियों के संचालन हेतु ज्ञापन सौंपा। चंदौसी के जिलाधिकारी श्री राजेंद्र पेंसिया और नगर के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी महाप्रबंधक से शिष्टाचार भेंट की।
संस्थान में पौधारोपण और सांस्कृतिक कार्यक्रम
महाप्रबंधक महोदय और वरिष्ठ अधिकारियों ने संस्थान परिसर में पौधारोपण किया, जिससे संस्थान के पर्यावरण संरक्षण प्रयासों को बल मिलेगा। कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, लोक नृत्य और भजन प्रस्तुत किए गए, जिनसे उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए और तालियों की गूंज से पूरा ऑडिटोरियम गूंज उठा।
उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया
महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार वर्मा ने संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार वितरित किए। प्रधानाचार्य श्री मोनू लूथरा और उप प्रधानाचार्य डॉ. सुगंधा सिंह ने महाप्रबंधक महोदय और सभी वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत किया।
भविष्य की योजनाएं और प्रतिबद्धता
इस अवसर पर आईटीएस चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा और वाइस चेयरमैन श्री अर्पित चड्ढा ने संस्थान को रेलवे प्रशिक्षण की उत्कृष्टता को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराने के लिए बधाई दी। समारोह के अंत में प्रधानाचार्य श्री मोनू लूथरा ने महाप्रबंधक महोदय और अन्य उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।



















