मयंक गोयल बने महानगर अध्यक्ष और चैनपाल सिंह को मिली जिलाध्यक्ष की कमान

• महानगर संगठन प्रभारी सिद्धार्थनाथ ने की घोषणा,वैश्य व गूर्जर पर खेला दांव

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लंबे इंतजार के बाद रविवार को गाजियाबाद के महानगर अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष के नामों की घोषणा कर दी। पार्टी हाईकमान ने वैश्य और गूर्जर समाज से ताल्लुक रखने वाले दो नेताओं पर भरोसा जताते हुए मयंक गोयल को महानगर अध्यक्ष और चैनपाल सिंह को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। रविवार को राजनगर एक्सटेंशन स्थित गोल्डन व्यू रिसोर्ट में आयोजित एक विशेष बैठक में प्रयागराज के विधायक और महानगर संगठन प्रभारी सिद्धार्थनाथ सिंह ने इन नामों की घोषणा की। जैसे ही मयंक गोयल के नाम की घोषणा हुई, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से मयंक गोयल का भव्य स्वागत किया।

मयंक गोयल को मिली महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी
मयंक गोयल भाजपा के एक अनुभवी और युवा नेता हैं। वे वर्तमान में भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और मेरठ के जिला प्रभारी के पद पर कार्यरत थे। मयंक गोयल दिवंगत पूर्व महापौर दमयंती गोयल के पुत्र हैं और पिछले कई वर्षों से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने एमबीए और एलएलबी की डिग्री ली है और वर्ष 2006 से भाजपा में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं। उनके दादा बनवारी लाल 1940 में गाजियाबाद के प्रारंभिक स्वयंसेवकों में शामिल थे। मयंक गोयल ने अपनी नियुक्ति पर कहा, पार्टी हाईकमान ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाऊंगा। मैं पार्टी की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।

चैनपाल सिंह को मिला जिलाध्यक्ष का पद
लोनी क्षेत्र के पावी गांव निवासी चैनपाल सिंह गुर्जर को भाजपा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा ने दूसरी बार गूर्जर समाज से किसी नेता को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। इससे पहले सत्यपाल गुर्जर भी जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। चैनपाल सिंह भाजपा के पुराने और भरोसेमंद कार्यकर्ता रहे हैं। उनकी नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मयंक गोयल और चैनपाल सिंह की नियुक्ति पर हर्ष जताते हुए उनके आवास पर पहुंचकर बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।

संगठन में नए नेतृत्व से जोश
भाजपा के महानगर अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष की नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विश्वास जताया है कि मयंक गोयल और चैनपाल सिंह के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और पार्टी को आगामी चुनावों में मजबूती मिलेगी।