उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। 8वीं वाहिनी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) में सोमवार से दो दिवसीय राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की राष्ट्रीय क्षमता निर्माण प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। यह प्रतियोगिता पूरे भारत में एनडीआरएफ की विभिन्न वाहिनियों द्वारा चार अलग-अलग जोनों (नॉर्थ जोन, साउथ जोन, वेस्ट जोन और ईस्ट जोन) में आयोजित की जा रही है। नोर्थ जोन की प्रतियोगिता का आयोजन 8वीं बटालियन, एनडीआरएफ द्वारा किया जा रहा है, जिसमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड सहित सात राज्यों की एसडीआरएफ की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस प्रतियोगिता में कुल 142 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं, जिन्हें एनडीआरएफ की विभिन्न वाहिनियों द्वारा एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर एनडीआरएफ के डीआईजी गंभीर सिंह चौहान और 8वीं वाहिनी के कमांडेंट प्रवीण कुमार तिवारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण और प्रतियोगिता का उद्देश्य
डीआईजी गंभीर सिंह चौहान ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विभिन्न राज्यों की आपदा प्रबंधन टीमों की तैयारियों का मूल्यांकन करना और उनके कौशल व विशेषज्ञता को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच तैयार करना है। इसके साथ ही,
• सीएसएसआर (ढही संरचना खोज और बचाव) टीमों की क्षमता और योग्यता में वृद्धि करना।
• विभिन्न एजेंसियों के बीच ज्ञान का आदान-प्रदान और नवाचार को बढ़ावा देना।
• सहयोग और समन्वय को मजबूत करना।
नेशनल लेवल प्रतियोगिता अप्रैल में होगी आयोजित
8वीं वाहिनी के कमांडेंट प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि यह प्रतियोगिता नॉर्थ जोन, साउथ जोन, वेस्ट जोन और ईस्ट जोन में करवाई जा रही है। इसके बाद अप्रैल के पहले सप्ताह में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन भी 8वीं वाहिनी, एनडीआरएफ में ही किया जाएगा। इस प्रतियोगिता से राज्यों की आपदा प्रबंधन टीमों को न केवल अपने कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, बल्कि इससे टीमों की आपदा प्रबंधन क्षमता और समन्वय भी मजबूत होगा।

















