जीडीए ने नेहरू नगर और अशोक नगर में अवैध निर्माण किए सील

-अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने किया औचक निरीक्षण, नियमों के उल्लंघन पर तुरंत की गई सख्त कार्रवाई

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माणों पर सख्त रुख अपनाते हुए रविवार को नेहरू नगर और अशोक नगर में कई अनियमित निर्माणों को सील कर दिया। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने प्रवर्तन जोन-4 के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई स्थानों पर मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य पाए गए। अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को सील कर दिया और आगे भी ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाने की चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान नेहरू नगर सेकंड ए-55 पर स्वीकृत मानचित्र के विरुद्ध एक आवासीय भूखंड पर व्यावसायिक निर्माण पाया गया।

यह निर्माण जीडीए के नियमों के विपरीत था, जिसे गंभीरता से लेते हुए अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने मौके पर ही प्रवर्तन जोन-4 के अधिकारियों को बुलाया और निर्माण को तुरंत सील करने का निर्देश दिया। जीडीए की इस कड़ी कार्रवाई से शहर में अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है और अब आगे भी इस तरह के निरीक्षण लगातार किए जाएंगे। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण कार्य करें। यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ सीधे सीलिंग और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

अशोक नगर में चार भूखंडों पर अवैध निर्माण, सभी सील
अशोक नगर के भूखंड संख्या ए-5, ए-6, ए-8 और ए-9 पर भी स्वीकृत मानचित्र से अधिक निर्माण किया जा रहा था। यह निर्माण प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन था। प्राधिकरण की टीम ने इन सभी अवैध निर्माणों को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया और संबंधित भूखंड स्वामियों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।

जीडीए की सख्ती, अवैध निर्माणों पर होगी लगातार नजर
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शहर में मानचित्र के विपरीत किए जा रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। किसी भी अनियमित निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।