-राज्यमंत्री ने किया उद्घाटन, हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़
-उत्कर्ष के 8 वर्ष में प्रदेश समेत गाजियाबाद का हुआ चहुुंमुखी विकास: नरेंद्र कश्यप
-लोनी विधायक नंगे पांव,फटे कुर्ते में प्रदर्शनी में पहुंचे,डीएम ने किया स्वागत
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा एवं सुशासन नीति के 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘उत्कर्ष के 8 वर्षÓ थीम पर कविनगर स्थित रामलीला मैदान में त्रिदिवसीय मेला एवं प्रदर्शनी का भव्य आगाज हुआ। मंगलवार को पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि नरेंद्र कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश और गाजियाबाद के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दौरान लोनी के भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर फटे कुर्ते और नंगे पांव मेले में पहुंचे, जिससे वह खास आकर्षण का केंद्र बने। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने उन्हें गमला भेंटकर उनका स्वागत किया। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता के लिए यह एक विशेष अवसर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति को सफलतापूर्वक लागू किया है। 2017 से पहले यूपी की अर्थव्यवस्था 7वें स्थान पर थी, जो अब दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। सरकार का लक्ष्य 2029 तक उत्तर प्रदेश को अर्थव्यवस्था में नंबर-1 राज्य बनाना है। गाजियाबाद में एयरपोर्ट, मेट्रो, नमो भारत ट्रेन, एलिवेटेड रोड, मधुबन-बापूधाम योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी कई परियोजनाएं पूरी हुई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन सरकार हर वर्ग- युवा, महिला, बच्चे, वृद्ध, गरीब और असहाय लोगों की सेवा, सुरक्षा और विकास के लिए कार्य कर रही है। यह मेला अगले दो दिनों तक चलेगा, जहां लोग सरकारी योजनाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लाभ उठा सकते हैं।
विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में हुआ भव्य आयोजन हुआ। जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, शहर विधायक संजीव शर्मा, लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह गुर्जर, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, जिलाधिकारी दीपक मीणा, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, सिविल डिफेंस चीफ वार्डन ललित जायसवाल, एडीएम सिटी गंभीर सिंह, डीपीआरओ प्रदीप द्विवेदी, जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अशोक राणा, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान कलाकारों ने दुर्गा स्तुति, स्वागत गीत, महाकुंभ पर लघु फिल्म, उत्तर प्रदेश सरकार के सफल 8 वर्षों पर विशेष फिल्म, नुक्कड़ नाटक आदि प्रस्तुत किए।
80 से अधिक स्टॉलों का अवलोकन
मुख्य अतिथि नरेंद्र कश्यप ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 80 से अधिक स्टॉलों का अवलोकन किया। इन स्टॉलों में गाजियाबाद नगर निगम, जीडीए, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, जिला कारागार, वानिकी विभाग, शिक्षा, खाद्य एवं पूर्ति, समाज कल्याण, पर्यटन विभाग सहित अन्य सरकारी विभागों ने अपनी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी।
भव्य आयोजन में उमड़ी हजारों की भीड़
इस मेले और प्रदर्शनी में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी ली। जिला प्रशासन ने मेले को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।



















