-31 मार्च तक बकायेदारों पर कड़ी कार्रवाई, उसके बाद 12: ब्याज लगेगा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम टैक्स विभाग ने हाउस टैक्स वसूली को लेकर कमर कस ली है। नगर निगम सीमा में आने वाले सभी आवासीय एवं अनावासीय भवनों से हाउस टैक्स वसूली की जा रही है। नगर आयुक्त के निर्देश पर जोनल प्रभारी वसूली अभियान चला रहे हैं। 27 करोड़ की वसूली का लक्ष्य, जोनवार टारगेट तय किया गया है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि 31 मार्च तक नगर निगम को 27 करोड़ रुपये की हाउस टैक्स वसूली करनी है। बकायेदारों को आगाह किया गया है कि 31 मार्च तक हाउस टैक्स जमा न करने पर 12 प्रतिशत का ब्याज भी देना होगा। नगर निगम लगातार करदाताओं से समय पर टैक्स भुगतान की अपील कर रहा है।
नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम द्वारा इस वित्तीय वर्ष में पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर हाउस टैक्स वसूली की गई है। जहां पिछले वर्ष 294 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी, वहीं इस वर्ष अब तक 325 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है। शहर के विकास में करदाताओं की विशेष भूमिका है, और हमें खुशी है कि जनप्रतिनिधियों का भी इस प्रक्रिया में विशेष सहयोग मिल रहा है, जो सराहनीय है। हम सभी करदाताओं से अपील करते हैं कि 31 मार्च से पहले अपना हाउस टैक्स जमा करें, जिससे अनावश्यक ब्याज से बचा जा सके और नगर निगम को शहर के विकास कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग मिले। शहर के विकास में करदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और जनप्रतिनिधियों का सहयोग भी सराहनीय रहा है।
जोनवार टारगेट:-
• वसुंधरा जोन: 15 करोड़
• मोहन नगर जोन: 3 करोड़
• कवि नगर जोन: 2 करोड़
• सिटी जोन: 6 करोड़
• विजयनगर जोन: 50 लाख
पिछले वर्ष से बेहतर रही टैक्स वसूली:
• पिछले वित्तीय वर्ष: 294 करोड़ रुपये की वसूली
• वर्तमान वित्तीय वर्ष: अब तक 325 करोड़ रुपये की वसूली
















