जनसुनवाई में दिखी तत्परता: DM दीपक मीणा ने मौके पर ही कई मामलों का किया समाधान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने आम जनता की शिकायतें सुनीं और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत व आवेदन को न केवल ध्यानपूर्वक पढ़ा, बल्कि आवेदकों से मौखिक संवाद कर मामलों की गंभीरता को भी समझा। जनसुनवाई में कई मामलों का मौके पर ही सम्बंधित अधिकारियों से वार्ता कर निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को सम्बंधित विभागों को प्रेषित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई में पुलिस विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए), नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, बैंकिंग सेवाएं, पेंशन तथा घरेलू विवादों से जुड़ी कई शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत के समाधान के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना भी अनिवार्य किया जाए, ताकि समाधान की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ भट्ट समेत संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।