-महामारी नियंत्रण के लिए सोशल मीडिया और गोष्ठियों से जनजागरूकता अभियान चलाएं: सीडीओ
-विकास भवन में पशु व मानव स्वास्थ्य पर केंद्रित कार्यक्रम, बीमारियों के नियंत्रण के लिए साझा प्रयास का आह्वान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विश्व पशु चिकित्सा दिवस के अवसर पर सोमवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य पशु एवं मानव स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के साथ-साथ संचारी रोगों से बचाव हेतु जनजागरूकता फैलाना था। सीडीओ अभिनव गोपाल ने पशुपालन, स्वास्थ्य, विकास तथा कृषि विभागों के संयुक्त प्रयास से बीमारियों के प्रभावी नियंत्रण का सुझाव दिया। उन्होंने जोर दिया कि विभिन्न विभाग सोशल मीडिया, गोष्ठियों और समाचार पत्रों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाएं और नियमित रूप से आंकड़े साझा करें, ताकि समस्याओं का वास्तविक और स्थायी समाधान संभव हो सके।
इस अवसर पर पशुपालन विभाग के अपर निदेशक डॉ. मनोज अग्रवाल, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, वन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन गाजियाबाद वेट्स क्लब के सदस्यों द्वारा किया गया था, जिसमें क्लब के सभी सदस्य सक्रिय रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम में विशेष वक्ता डॉ. डीपी सिंह ने वन हेल्थ कॉन्सेप्ट पर अपने विचार रखते हुए कहा कि जब तक मनुष्य, पशु एवं पौधों के स्वास्थ्य को एक समग्र दृष्टिकोण से नहीं देखा जाएगा, तब तक संपूर्ण पृथ्वी को सुरक्षित और बीमारी मुक्त नहीं बनाया जा सकता।
बायोमेड कंपनी के सीईओ डॉ. एसपी गर्ग और ओरिन्को फार्मा के एमडी डॉ. अभय कुमार भट्टाचार्य ने भी इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पशुपालन, स्वास्थ्य, कृषि, वन और पर्यावरण विभागों के एकीकृत प्रयासों पर भी गहन मंथन हुआ और महामारियों के रोकथाम हेतु ठोस रणनीतियाँ बनाने पर सहमति व्यक्त की गई।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी पाण्डेय ने सभी अतिथियों, फार्मास्युटिकल कंपनियों के प्रतिनिधियों तथा वेट्स क्लब के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

















